पूर्व कलेक्टर हर्ष मंदर का रायगढ़ दौरा: जनसंवाद से लेकर जमीनी पहल तक, पुराने रिश्तों को फिर करेंगे जीवंत

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़। जिले के पूर्व कलेक्टर और बिलासपुर संभाग के कमिश्नर रहे वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता हर्ष मंदर का एक बार फिर रायगढ़ आगमन होने जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार वे 15 सितंबर 2026 की रात्रि में रायगढ़ पहुंचेंगे, जबकि 16 सितंबर को दिनभर विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और जनहित से जुड़े कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक साईं श्रद्धा होटल में हर्ष मंदर सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, पत्रकारों और पूर्व साक्षरता कर्मियों के साथ जनसंवाद करेंगे। इस दौरान जिले के सामाजिक सरोकारों, शिक्षा, स्वास्थ्य और अधिकार आधारित मुद्दों पर खुली चर्चा की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि यह संवाद केवल औपचारिक मुलाकात नहीं, बल्कि जमीनी अनुभवों के आदान-प्रदान का मंच बनेगा।
दोपहर बाद 4 बजे से 5:30 बजे तक वे केलो विहार कॉलोनी पहुंचेंगे, जहां कर्मचारियों के लिए विकसित इस आवासीय क्षेत्र के निर्माण में उनकी भूमिका को याद किया जाएगा। यहां वे समिति के सदस्यों और हितग्राहियों से सीधे संवाद करेंगे। इसके बाद शाम 6 बजे वे अपने कार्यकाल के दौरान शुरू किए गए वृद्धाश्रम और कुष्ठ उन्मूलन से जुड़े केंद्रों का दौरा करेंगे, जहां रह रहे परिवारों से मुलाकात कर उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी लेंगे।
गौरतलब है कि हर्ष मंदर ने अपने लगभग 11 महीने के कार्यकाल में रायगढ़ में साक्षरता अभियान को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनके कार्यकाल में ‘लोक शक्ति समिति’ का गठन हुआ और सूचना का अधिकार, भोजन का अधिकार, शिक्षा का अधिकार व स्वास्थ्य के अधिकार जैसे मुद्दों को व्यवहारिक रूप देने की दिशा में प्रयास किए गए। मितानिन कार्यक्रम, ग्राम सभाओं में महिलाओं की भागीदारी और वन अधिकार जैसे विषयों पर भी उन्होंने सक्रिय पहल की थी।
भारतीय प्रशासनिक सेवा में रहते हुए मसूरी स्थित प्रशासनिक अकादमी में सेवाएं देने के बाद उन्होंने स्वैच्छिक रूप से प्रशासनिक सेवा से अलग होकर सामाजिक क्षेत्र में काम करना चुना। वर्तमान में वे दिल्ली में बेसहारा परिवारों और बच्चों के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन रायगढ़ से उनका जुड़ाव लगातार बना हुआ है।
राजेश त्रिपाठी (जन चेतना, रायगढ़) के अनुसार, हर्ष मंदर के इस दौरे को लेकर जिले के सामाजिक व बौद्धिक वर्ग में खासा उत्साह देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यह मुलाकात न केवल पुरानी यादों को ताजा करेगी, बल्कि भविष्य के सामाजिक सरोकारों को नई दिशा भी देगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️