अवैध महुआ शराब के खिलाफ ग्रामीणों का सख्त रुख, थाना प्रभारी से सुरक्षा व कार्रवाई की मांग,,नशे के खिलाफ ग्रामीणों का बड़ा अभियान!!

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
घरघोड़ा (रायगढ़)। विकासखंड घरघोड़ा के ग्राम पंचायत भेंगारी अंतर्गत चारमार गांव में शराब के अवैध कारोबार और इसके सामाजिक दुष्प्रभावों के खिलाफ ग्रामीणों ने सामूहिक मोर्चा खोल दिया है। गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने न सिर्फ अभियान तेज कर दिया है, बल्कि प्रशासनिक स्तर पर भी हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले कुछ समय से शराब की अवैध बिक्री और निर्माण को लेकर ग्रामीणों में असंतोष बढ़ता जा रहा था। इसके बाद महिलाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एकजुट हुए और गांव में शराबबंदी को लेकर जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया। इसके तहत मुनादी कराई जा रही है और घर-घर जाकर लोगों को शराब के दुष्परिणामों के बारे में समझाया जा रहा है।
इसी क्रम में ग्रामीणों ने घरघोड़ा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी को एक लिखित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से स्पष्ट सहयोग की मांग करते हुए कहा कि शराब कारोबार से जुड़े कुछ लोग अभियान को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ऐसे तत्व गांव में भय का माहौल बनाने और आंदोलन को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि शराबबंदी अभियान पूरी तरह सामाजिक सहमति पर आधारित है, जिसमें महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी शामिल है। उनका कहना है कि गांव में बढ़ते नशे के कारण घरेलू विवाद, आर्थिक नुकसान और सामाजिक वातावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था, जिसके चलते यह सामूहिक निर्णय लिया गया।
साथ ही ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से यह भी आग्रह किया है कि यदि शराब के अवैध कारोबार से जुड़े लोग ग्रामीणों के खिलाफ किसी प्रकार की झूठी शिकायत या दबाव की कार्रवाई करने का प्रयास करते हैं, तो पुलिस पहले ग्रामीण पक्ष की पूरी बात सुने और तथ्यों की निष्पक्ष जांच के बाद ही कोई कदम उठाए।
ग्रामीणों ने यह भी मांग रखी है कि अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस प्रशासन नियमित निगरानी रखे और आवश्यक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि गांव में शांति और सामाजिक अनुशासन बना रहे।
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) घरघोड़ा को भी भेजी गई है। ज्ञापन सौंपने वालों में भगवती, रामदुलारी, रूपा, कमला, जमूना, उत्तरा, चंद्रमती, कौशल्या सहित ग्राम चारमार के कई अन्य ग्रामीण शामिल रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि प्रशासन का सहयोग मिलता है तो गांव को नशामुक्त बनाने का यह अभियान आने वाले समय में एक मिसाल बन सकता है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️