सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज का जुनून पड़ा भारी, सड़क पर स्टंटबाजी करने वाले पांच युवक जेल भेजे गए

रायगढ़। सोशल मीडिया पर कुछ लाइक्स और व्यूज हासिल करने की चाह में सार्वजनिक सड़क को स्टंटबाजी का अड्डा बनाना पांच युवकों को भारी पड़ गया। चलती मोटरसाइकिल पर खतरनाक करतब दिखाने और सार्वजनिक स्थान पर अशोभनीय हरकतें करने का वीडियो सामने आने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने पांचों युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। एसडीएम न्यायालय में पेश किए जाने के बाद जेल वारंट जारी होने पर सभी को जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घटना 9 नवंबर की रात की है। दो अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर सवार पांच युवक शहीद हेमू कलाणी चौक से चक्रधरनगर चौक की ओर जा रहे थे। इस दौरान युवक चलती बाइक पर खतरनाक स्टंटबाजी कर रहे थे। इतना ही नहीं, वे सार्वजनिक सड़क पर आपत्तिजनक और अशोभनीय हरकतें करते हुए उसका वीडियो भी बना रहे थे। युवकों की इस गतिविधि को एक अन्य व्यक्ति ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और इसकी जानकारी चक्रधरनगर थाना प्रभारी को दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा ने घटना से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह को अवगत कराया। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान करने की कार्रवाई शुरू की। इसके बाद पांचों युवकों को उनके अभिभावकों के साथ थाने बुलाया गया।
समझाइश के बाद भी पुलिस ने की वैधानिक कार्रवाई
थाने में पुलिस ने युवकों और उनके अभिभावकों को सड़क पर इस तरह की गतिविधियों के खतरों से अवगत कराया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्ग पर बाइक से स्टंट करना केवल स्वयं की जान जोखिम में डालना नहीं है, बल्कि इससे राहगीरों और दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांचों युवकों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस तथा धारा 126 और 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया। वहां से जेल वारंट जारी होने के बाद चक्रधरनगर पुलिस ने पांचों को जेल दाखिल कराया।
इन पांच युवकों पर हुई कार्रवाई
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार कार्रवाई की जद में आए युवकों में विद्याधर देवांगन (21 वर्ष), ऋतिक बरेठ (21 वर्ष), आशीष चौहान (21 वर्ष), आकाश शर्मा (21 वर्ष) और मनीष शर्मा (21 वर्ष) शामिल हैं। सभी रायगढ़ शहर के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों के निवासी बताए गए हैं।
सोशल मीडिया पर पुलिस की निगरानी, एसएसपी ने दी सख्त चेतावनी
रायगढ़ पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी और हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल इस तरह के वीडियो और गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़कें स्टंटबाजी और हुड़दंग के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित आवागमन के लिए हैं। कुछ लाइक्स और व्यूज के लिए अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में डालना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर खतरनाक स्टंटबाजी, अशोभनीय हरकतें और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर यह सवाल सामने है कि सोशल मीडिया पर कुछ पलों की लोकप्रियता के लिए युवा अपनी सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की जान को भी जोखिम में क्यों डाल रहे हैं। अभिभावकों की जिम्मेदारी भी है कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों और वाहन चलाने के तौर-तरीकों पर ध्यान दें।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️