शराब और पार्टी के शौक ने बनाया बाइक चोर, घरघोड़ा पुलिस ने दो युवकों को दबोचा; दो पल्सर बरामद, तीसरा आरोपी फरार

रायगढ़। शराब और दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए पैसों की जरूरत ने दो युवकों को बाइक चोरी के रास्ते पर धकेल दिया। चोरी की मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए आरोपियों ने न सिर्फ नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी, बल्कि इंजन नंबर मिटाने और बाइक का रंग बदलने तक की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की नजरों से वे बच नहीं सके। घरघोड़ा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी के मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 1 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है। मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है।
CISF कार्यालय के सामने से चोरी हुई थी बाइक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को नीलम संजीव बेक (37 वर्ष), निवासी मकरीबंधा, थाना तुमला, जिला जशपुर, जो वर्तमान में CISF इकाई NTPC तिलाईपाली में पदस्थ हैं, ने घरघोड़ा थाने में मोटरसाइकिल चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
प्रार्थी के मुताबिक, 7 अक्टूबर की सुबह लैलूंगा रोड स्थित घरघोड़ा CISF कार्यालय के मुख्य गेट के सामने खड़ी उनकी पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LF-3373 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया था। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 312/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
शनि मंदिर के पास बेचने की फिराक में थे आरोपी
चोरी की बाइक और आरोपियों की तलाश में घरघोड़ा पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर रख रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 10 नवंबर को पुलिस टीम ने लैलूंगा मेन रोड स्थित शनि मंदिर के पास घेराबंदी की। यहां दो संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए संभावित खरीदारों से बातचीत करते मिले। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि शराब पीने और पार्टी करने के लिए पैसों का इंतजाम करने के उद्देश्य से उन्होंने बाइक चोरी की थी। उन्होंने घरघोड़ा CISF कार्यालय के सामने से पल्सर चोरी करने के अलावा धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम ओंगना से एक अन्य पल्सर मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया।
नंबर प्लेट तोड़ी, इंजन नंबर मिटाया और बदल दिया बाइक का रंग
पुलिस के मुताबिक, चोरी के बाद आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए मोटरसाइकिलों में बदलाव किए थे। दोनों बाइकों की नंबर प्लेट तोड़कर फेंक दी गई थी। वहीं, इंजन नंबर को पत्थर से घिसकर मिटाने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने दूसरी पल्सर के सफेद रंग वाले हिस्सों पर काला रंग पोत दिया था, ताकि वाहन की मूल पहचान छिपाई जा सके।
इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दोनों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त कर लीं। साक्ष्य मिटाने के प्रयास से संबंधित धारा 238 और सामूहिक आपराधिक कृत्य के संबंध में धारा 3(5) बीएनएस भी प्रकरण में जोड़ी गई है।
दोनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर, तीसरे की तलाश
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुकसागर राठिया (20 वर्ष), पिता सुंदर राठिया, निवासी कोनपारा और देव पैंकरा (20 वर्ष), पिता धोबा पैंकरा, निवासी नेगीपारा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। उससे पूछताछ के बाद चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी मिलने की संभावना पुलिस ने जताई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
मोटरसाइकिल चोरी के इस मामले का खुलासा करने में घरघोड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सिद्धांत येरेवार, प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक और आरक्षक उद्वो पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि संपत्ति संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों पर रायगढ़ पुलिस की पैनी नजर है। चोरी की घटनाओं में संलिप्त गिरोहों की पहचान, आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️