तमनार उठाईगिरी कांड का खुलासा: 7 दिन के गुप्त ऑपरेशन के बाद ‘नट गिरोह’ का शातिर दबोचा गया

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 20 जून 2026।
जिले के तमनार क्षेत्र में हुई 2 लाख रुपये की सनसनीखेज उठाईगिरी का पुलिस ने आखिरकार पर्दाफाश कर दिया है। इस मामले में सक्रिय कुख्यात ‘नट गिरोह’ के एक शातिर सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी तक पहुंचने के लिए रायगढ़ पुलिस को जशपुर जिले में लगातार सात दिनों तक गुप्त रूप से डेरा डालकर ऑपरेशन चलाना पड़ा। अंततः खेत में घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा गया।
मामला 8 जून 2026 का है, जब ग्राम गौरबहरी निवासी 60 वर्षीय लोकेश्वर पटेल तमनार स्थित अपेक्स बैंक से 2 लाख रुपये निकालकर अपनी मोटरसाइकिल की डिक्की में रखकर तहसील कार्यालय पहुंचे थे। महज 20 मिनट के भीतर अज्ञात चोरों ने डिक्की का लॉक तोड़कर पूरी रकम पार कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से यह स्पष्ट हुआ कि वारदात के पीछे जशपुर जिले का कुख्यात ‘नट गिरोह’ सक्रिय है, जो बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों की रेकी कर इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता है।
फुटेज के आधार पर एक संदेही की पहचान विशाल उर्फ हरि नट के रूप में हुई, जो पहले से ही एक अन्य मामले में बैकुंठपुर जेल में बंद था। इसके बाद पुलिस का ध्यान उसके करीबी साथी धर्मेन्द्र नट उर्फ धर्मेन्द्र मीणा पर गया, जो फरार चल रहा था।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जशपुर जिले के पत्थलगांव क्षेत्र में सात दिनों तक गुप्त रूप से डेरा डालकर गांव-गांव तलाशी अभियान चलाया। अंततः ग्राम झक्कड़पुर के पास आरोपी के छिपे होने की सटीक सूचना मिली। पुलिस ने खेत में घेराबंदी कर 40 वर्षीय धर्मेन्द्र नट को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके अन्य साथी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पूछताछ में आरोपी ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर बैंक के बाहर रेकी की थी और मौका मिलते ही डिक्की तोड़कर 2 लाख रुपये चोरी किए थे। बंटवारे में मिले 1 लाख रुपये से उसने तत्काल एक नई चमचमाती स्पोर्ट्स बाइक खरीद ली।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई पुरानी मोटरसाइकिल, चोरी की रकम से खरीदी गई नई बाइक तथा डिक्की तोड़ने के औजार बरामद कर लिए हैं। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव के साथ प्रधान आरक्षक बनारसी सिदार, दिलदार कुरैशी, आरक्षक पुष्पेन्द्र सिदार, पुरुषोत्तम सिदार और जॉन प्रकाश टोप्पो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे गिरोह का सफाया किया जाएगा। इस कार्रवाई को क्षेत्र में बढ़ती उठाईगिरी की घटनाओं पर बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.