संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की मौत: बंद कमरे में साड़ी के फंदे पर मिली लाश, जांच में जुटी पुलिस

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 20 जून 2026।
घरघोड़ा थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। 22 वर्षीय तुलसी यादव का शव उसके ही घर के एक बंद कमरे में साड़ी के फंदे पर झूलता मिला। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 19 जून की सुबह करीब 10 बजे के आसपास की है। बताया जा रहा है कि तुलसी यादव खाना खाने के बाद अपने कमरे में चली गई थी, जबकि उसका पति और बच्चा घर के बाहर थे। कुछ देर बाद जब पति कमरे में जाने का प्रयास करने लगा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद दरवाजे को धक्का देकर खोला गया।
कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिजन सन्न रह गए। तुलसी यादव साड़ी के फंदे से झूलती हुई पाई गई। आनन-फानन में परिजनों ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना तत्काल घरघोड़ा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच कर रहे एएसआई डेविड टोप्पो ने बताया कि प्रारंभिक तौर पर मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, मृतका करीब तीन माह की गर्भवती बताई जा रही है। इस पहलू को भी पुलिस गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी अस्पताल पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए परिजनों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है, और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण सामने आ सकेगा।
इस घटना ने क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.