रेलवे स्टेशन रायगढ़ में गूंजा सम्मान का स्वर: क्रिकेटर सचिन चौहान के स्वागत में उमड़ा समाज, CCPL खिताब पर मिली बधाइयों की झड़ी

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 15 जून।
शहर का रेलवे स्टेशन सोमवार रात उस वक्त खास माहौल का साक्षी बना, जब अपनी खेल प्रतिभा से छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाले युवा क्रिकेटर सचिन चौहान का भव्य स्वागत किया गया। आजाद हिंद एक्सप्रेस से रात करीब 8 बजे पहुंचे सचिन चौहान का चौहान समाज के पदाधिकारियों और सामाजिक बंधुओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया।

हाल ही में CCPL सीजन में अपनी टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सचिन चौहान की इस उपलब्धि को समाज ने गर्व का विषय बताया। स्वागत के दौरान उपस्थित जनों ने उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद निरंतर मेहनत और अनुशासन के बल पर उन्होंने जो मुकाम हासिल किया है, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायी है।

कार्यक्रम में चौहान समाज के शहर अध्यक्ष नित्यानंद चौहान, महिला अध्यक्ष बसंती चौहान, पार्षद त्रिनिशा चौहान, महिला उपाध्यक्ष सरिता चौहान, कोषाध्यक्ष संतोष चौहान, शहर उपाध्यक्ष जय चौहान और अनूप चौहान सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में सचिन चौहान को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे प्रतिभावान युवाओं को इस तरह सम्मानित करना न केवल उनका उत्साहवर्धन करता है, बल्कि समाज के अन्य युवाओं को भी अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करता है।

रेलवे स्टेशन पर हुआ यह स्वागत कार्यक्रम देर तक चर्चा का विषय बना रहा, जहां एक ओर उपलब्धि का जश्न था, वहीं दूसरी ओर अपने बीच के खिलाड़ी को मिली पहचान पर गर्व का भाव भी साफ नजर आया।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.