तेज गति का खौफनाक अंजाम: खड़ी गाड़ी से भिड़ी बाइक, युवक की मौके पर मौत, FIR दर्ज

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन से जा टकराई, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और परिजनों में मातम पसर गया।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान करन माझी के रूप में हुई है, जो तुलसी फूड राइस मिल में काम के सिलसिले में जा रहा था। घटना सुबह करीब पौने 11 बजे की बताई जा रही है। करन अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 13 BH 8770) से सहदेवपाली की ओर बढ़ रहा था, तभी रायगढ़ साल्वेंट के पास सड़क किनारे खड़ी पिकअप (CG 13 AS 1787) से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और परिजनों को सूचना दी गई।
मृतक के रिश्तेदार ओमेन्द्र माझी ने जूटमिल थाना पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 122, 177 और 106(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही का परिणाम प्रतीत हो रहा है। साथ ही यह भी जांच का विषय है कि सड़क किनारे खड़े वाहन की स्थिति और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से वाहन खड़ा करने के खतरे को उजागर कर दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.