‘ऑपरेशन आघात’ का असर: रायगढ़ में नशे के नेटवर्क पर पुलिस की कड़ी चोट, गांजा-शराब तस्कर शिकंजे में

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार पर लगाम कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पुलिस ने एक बार फिर सख्त तेवर दिखाए हैं। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में पुलिस ने गांजा तस्करी और अवैध शराब के नेटवर्क को निशाना बनाते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान कुल 6.200 किलोग्राम गांजा, 259 पाव देशी शराब और करीब 31 लीटर महुआ शराब जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में 4 मई को साइबर थाना और पुसौर पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुसौर क्षेत्र में एक पान ठेले के पीछे छिपाकर रखे गांजे का भंडाफोड़ किया। मौके से गुलाब यादव (55) को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से अलग-अलग पैकेटों में करीब 6.200 किलो गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा से सस्ते दाम पर गांजा लाकर स्थानीय स्तर पर बिक्री करता था।

इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को पास की झाड़ियों में भारी मात्रा में शराब छिपाए जाने की सूचना मिली। त्वरित दबिश देकर पुलिस ने दीपेश ठाकुर (34) को पकड़ा, जिसके कब्जे से 259 पाव देशी प्लेन शराब (करीब 46.620 लीटर) जब्त की गई। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इधर तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम महलोई में भी पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव में अवैध महुआ शराब की बिक्री हो रही है। दबिश के दौरान रजनी चौहान (42) के घर के बाड़ी से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई। महिला के खिलाफ आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

छाल थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने लगातार दो कार्रवाइयों को अंजाम दिया। ग्राम ऐडूकला में तुलेश्वरी यादव को 9 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा गया। वहीं पूर्व के एक आबकारी प्रकरण में फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रदीप कुमार बेहरा को भी पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह फिर से गांव लौटकर छिपकर शराब का कारोबार शुरू कर चुका है। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर झाड़ियों से 10 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई।

पुलिस के मुताबिक सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरे अभियान को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही ऐसे कारोबार से जुड़े लोगों को चेतावनी दी गई है कि वे मुख्यधारा में लौट आएं, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से यह संकेत साफ है कि रायगढ़ पुलिस अब नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/