“राष्ट्रपति सम्मान के बाद बरमकेला में गौरव का उत्सव: शिक्षिका सुनीता यादव को समाज ने दिया सम्मान, महिलाओं की भागीदारी पर हुई सार्थक चर्चा”

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
बरमकेला। शिक्षक दिवस के अवसर पर राजधानी दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति के हाथों शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित की गईं ग्राम खिचरी (बरमकेला) की शिक्षिका श्रीमती सुनीता यादव का उनके गृह क्षेत्र में अभिनंदन किया गया। राष्ट्रपति सम्मान के बाद पहली बार अपने निवास पहुंचीं सुनीता यादव के स्वागत में स्थानीय समाजजनों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
झेरिया यादव समाज के पदाधिकारियों ने युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंद राम यादव एवं गिरजाशंकर यादव के नेतृत्व में बरमकेला स्थित उनके निवास पहुंचकर शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने सुनीता यादव की उपलब्धि को पूरे क्षेत्र और समाज के लिए गौरव का विषय बताते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान केवल औपचारिक सम्मान तक ही सीमित न रहकर समाज के संगठनात्मक विस्तार और विशेष रूप से महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं की अग्रणी भूमिका समाज को नई दिशा देती है, और ऐसे उदाहरणों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
सम्मान समारोह में प्रदेश मीडिया प्रभारी धनेश यादव, युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष चंदराम यादव, सारंगढ़ जिलाध्यक्ष फिरू यादव, उपाध्यक्ष सादराम यादव, रायपुर युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्यारे लाल यादव, सारंगढ़ महानगर अध्यक्ष नीलाधर यादव, रायगढ़ क्षेत्र के गिरजाशंकर यादव (मिट्ठू मुड़ा अध्यक्ष), बलौदाबाजार जिला महामंत्री रामदयाल यादव तथा समकेरा तमनार के अध्यक्ष सुनील कुमार यादव सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि श्रीमती सुनीता यादव की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके समर्पण, अनुशासन और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता ने यह साबित कर दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल की जा सकती है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️