CHP चौक लिबरा हिंसा: ‘क्लीन हंट’ में एक और गिरफ्तारी, 8 माह बाद दबोचा गया फरार आरोपी

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 10 अगस्त। गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में पिछले वर्ष भड़की लिबरा हिंसा के मामले में पुलिस को एक और अहम सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अनिल बेहरा को तमनार पुलिस ने सोमवार को उसके गांव से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को जिले में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत अंजाम दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। इसी क्रम में तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम को यह सफलता हाथ लगी।
दिसंबर 2025 की घटना ने बिगाड़े थे हालात
पुलिस के अनुसार, दिसंबर 2025 से गारे पेलमा सेक्टर-01 परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में लिबरा स्थित CHP चौक पर ग्रामीणों का धरना-प्रदर्शन चल रहा था। प्रशासन द्वारा बार-बार समझाइश के बावजूद 27 दिसंबर को आंदोलन अचानक उग्र हो गया।
आरोप है कि राजेश मरकाम, अनिल बेहरा, रूपेश पटेल और संदीप प्रधान सहित अन्य लोगों ने भीड़ को उकसाया, जिसके बाद पुलिस बल पर लाठी-डंडों, टांगी और पत्थरों से हमला किया गया। इस हिंसा में कई पुलिसकर्मी घायल हुए, वहीं शासकीय वॉकी-टॉकी और मोबाइल फोन भी लूट लिए गए।
स्थिति तब और गंभीर हो गई जब उग्र भीड़ ने पुलिस और प्रशासन के वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी। प्लांट परिसर में भी नुकसान पहुंचाया गया, जिससे कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई थी।
16 अपराध दर्ज, 29 आरोपी पहले ही गिरफ्तार
इस पूरे घटनाक्रम में थाना तमनार में अलग-अलग शिकायतों पर कुल 16 प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस अब तक 29 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी अनिल बेहरा (37) थाना तमनार में दर्ज अपराध क्रमांक 303/2025, 306/2025, 307/2025 और 308/2025 में नामजद था और पिछले कई महीनों से फरार चल रहा था।
मुखबिर सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस को 10 अगस्त को सूचना मिली कि अनिल बेहरा अपने गांव लिबरा लौटा है। सूचना मिलते ही तमनार और पूंजीपथरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव में घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना के दौरान अन्य आरोपियों के साथ हिंसा में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
विवेचना के दौरान उसकी भूमिका सामने आने पर प्रकरण में धारा 49 बीएनएस और धारा 25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है।
पुलिस अधिकारियों की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का स्पष्ट संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
> “गंभीर अपराधों में शामिल फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है। प्रभावी और निष्पक्ष कार्रवाई हमारी प्राथमिकता है।”
जिले में “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत फरार आरोपियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, जिससे आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️