Latest News

PDS में 1200 क्विंटल से ज्यादा खाद्यान्न घोटाला: फरार आरोपी शहनवाज खान गिरफ्तार, कई अब भी पकड़ से दूर

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 17 सितंबर 2026।
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत शासकीय खाद्यान्न में कथित गड़बड़ी और गबन के मामलों में रायगढ़ पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए एक अहम सफलता हासिल की है। धरमजयगढ़ क्षेत्र में दर्ज बहुचर्चित खाद्यान्न कमी प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी शहनवाज उर्फ मौसम खान को पुलिस ने दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर भेज दिया गया है।

मामला धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा और गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकानों से जुड़ा है, जहां खाद्य विभाग की जांच में भारी मात्रा में चावल, शक्कर और नमक की कमी उजागर हुई थी। दोनों मामलों में कुल मिलाकर 1,204 क्विंटल से अधिक खाद्यान्न का हिसाब नहीं मिल पाया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 31.75 लाख रुपये बताई गई है।

खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर चौकी रैरूमाखुर्द (थाना धरमजयगढ़) में अलग-अलग अपराध दर्ज किए गए हैं। ससकोबा की उचित मूल्य दुकान (क्रमांक 412009078) में 3 सितंबर 2026 को की गई जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन में अंगूठा लगवाने के बावजूद उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया।

इस प्रकरण में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस पहले ही उमाबाई और माधुरी बाई को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है, जबकि विक्रेता बिहारी राठिया अब भी फरार बताया जा रहा है।

वहीं, गनपतपुर स्थित उचित मूल्य दुकान (क्रमांक 412009080) की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी सामने आई। इस दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह द्वारा किया जा रहा था, जिसमें अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज खान की भूमिका सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, शहनवाज खान गिरफ्तारी से बचने के लिए अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी देकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा था। चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में टीम ने लगातार निगरानी और मुखबिर सूचना के आधार पर उसके गांव में दबिश दी, जहां से उसे हिरासत में लिया गया।

पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में शेष आरोपियों—बिहारी राठिया, रूबीना खान और शाहिन खान—की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस पूरे प्रकरण ने PDS व्यवस्था की पारदर्शिता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त कार्रवाई को आगे भी तेज किए जाने के संकेत दिए गए हैं, ताकि पात्र हितग्राहियों तक राशन की आपूर्ति में किसी प्रकार की अनियमितता न हो।

See also  घरघोड़ा में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button