‘ऑपरेशन अंकुश’ में बड़ा खुलासा: डकैती का फरार आरोपी गांव में छिपकर चला रहा था IPL सट्टे का नेटवर्क, छाल पुलिस की रेड में गिरफ्तारी

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com


रायगढ़।
जिले में अवैध जुआ-सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन अंकुश” के तहत रायगढ़ पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। थाना छाल क्षेत्र में की गई सुनियोजित कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो न सिर्फ ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहा था, बल्कि पूर्व में दुष्कर्म और डकैती जैसे गंभीर मामलों में आरोपी रह चुका है और लंबे समय से फरार था।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बरभौना निवासी चंद्रभूषण डनसेना उर्फ चिन्दु (28) फरारी के दौरान गांव और आसपास के इलाकों में छिपकर ऑनलाइन सट्टे का नेटवर्क संचालित कर रहा था। वह आईपीएल मैचों के दौरान ‘बॉल टू बॉल’ दांव लगवाकर डिजिटल माध्यम से लेन-देन कर रहा था। पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कुरकुट नदी पुल के पास घेराबंदी कर दबिश दी गई, जहां आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन से सट्टे से जुड़े डिजिटल साक्ष्य, लेन-देन का ब्यौरा और दांव से संबंधित रिकॉर्ड बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वर्ष 2023 में दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तारी के बाद वह जेल गया था और जमानत पर छूटने के बाद रायपुर के पंडरी क्षेत्र में अपने साथियों के साथ डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।
कार्रवाई के दौरान एक अन्य युवक रूपधर पटेल (22) को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने ऑनलाइन माध्यम से आरोपी को पैसे ट्रांसफर कर सट्टा खेलने की बात स्वीकार की। उसके मोबाइल में फोन-पे ट्रांजेक्शन और व्हाट्सएप चैट से इसकी पुष्टि हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, नगद राशि और सट्टे से जुड़ी सामग्री जब्त की है, जिनकी कुल कीमत करीब 82 हजार रुपये बताई जा रही है। दोनों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। थाना प्रभारी नासिर खान के नेतृत्व में गठित टीम ने सटीक सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
एसएसपी ने इस मामले में स्पष्ट संदेश देते हुए कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और ऑनलाइन बेटिंग जैसे अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने युवाओं से अपील की है कि ऐसे गैरकानूनी गतिविधियों से दूर रहें, अन्यथा सख्त कानूनी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
यह कार्रवाई इस बात का संकेत है कि पुलिस अब पारंपरिक जुए के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चल रहे सट्टा नेटवर्क पर भी पैनी नजर रखे हुए है।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/