रेल लाइन से लाखों की चोरी और बाइक चोरी—एक ही आरोपी निकला मास्टरमाइंड, घरघोड़ा पुलिस की सटीक कार्रवाई

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 14 सितंबर। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र में बीते दो महीनों से पुलिस के लिए सिरदर्द बने रेल्वे लाइन से कीमती सामग्री चोरी और बाइक चोरी के मामलों का आखिरकार खुलासा हो गया है। पुलिस ने एक ही आरोपी को गिरफ्तार कर दोनों वारदातों की गुत्थी सुलझा ली है।
मामले की शुरुआत 12 जुलाई 2026 को हुई थी, जब ग्राम कुडुमकेला कुधरीपारा निवासी मनबोध दास महंत (53) ने रेल्वे लाइन से बड़ी मात्रा में सामग्री चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई। रिपोर्ट के मुताबिक, 11 जुलाई की देर रात ग्राम कारीछापर और कुडुमकेला के बीच, किलोमीटर क्रमांक 47/03 से 47/06 के बीच लमडांड के जंगल क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने सुनियोजित तरीके से कैटनरी तार, संपर्क तार, क्लिप समेत कई महत्वपूर्ण उपकरण उड़ा दिए थे। चोरी गई सामग्री तकनीकी दृष्टि से बेहद अहम और महंगी बताई जा रही है, जिससे रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका भी बनी थी।

इस मामले में थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 222/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
इसी बीच 11 सितंबर को एक और वारदात सामने आई। ग्राम बांसमुड़ा निवासी लक्ष्मीनारायण चौहान (22) की हीरो एचएफ डिलक्स बाइक (CG-13-AH-0489) टेंडा बाजार क्षेत्र से चोरी हो गई। इस पर भी थाना घरघोड़ा में अपराध क्रमांक 287/2026 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
दोनों मामलों की कड़ियां जोड़ते हुए पुलिस टीम लगातार संदिग्धों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तरेकेला निवासी एक युवक संदिग्ध बाइक के साथ देखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छाल क्षेत्र के तरेकेला गांव में दबिश दी और संदेही रामप्रसाद सारथी (23) को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने पहले तो गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती और तकनीकी आधार पर की गई पूछताछ में उसने रेल्वे लाइन से सामग्री चोरी करने की बात कबूल कर ली। आरोपी ने बताया कि चोरी की गई सामग्री को उसने कबाड़ियों को बेच दिया था और उससे मिली रकम खर्च कर दी। पुलिस ने उसके मेमोरेंडम के आधार पर शेष बची ₹2,000 की राशि बरामद की।
यहीं नहीं, आगे की पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की वारदात भी स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी गई हीरो एचएफ डिलक्स बाइक, जिसकी कीमत करीब ₹40,000 बताई जा रही है, पुलिस ने बरामद कर ली।
इस तरह पुलिस ने एक ही आरोपी से दो अलग-अलग गंभीर चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी रामप्रसाद सारथी पिता श्यामलाल सारथी, निवासी ग्राम तरेकेला, थाना छाल को 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पूरे मामले में थाना प्रभारी कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक अरविंद पटनायक, आरक्षक हरीश पटेल और उधोराम पटेल की अहम भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी और अभियान जारी रहेगा, साथ ही कबाड़ खरीदने-बेचने वाले संदिग्ध तत्वों पर भी सख्त नजर रखी जाएगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️