रायगढ़ में रेल सुविधाओं को लेकर 14 सितंबर को होगा सांकेतिक प्रदर्शन, लंबित मांगों पर बढ़ा आक्रोश
Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले में रेल सुविधाओं के विस्तार और लंबित मांगों को लेकर एक बार फिर जनआंदोलन की सुगबुगाहट तेज हो गई है। ट्रेड यूनियन काउंसिल, रायगढ़ ने रेलवे प्रशासन के रवैये के खिलाफ 14 सितंबर (सोमवार) को रेलवे स्टेशन मुख्य द्वार पर सांकेतिक ध्यानाकर्षण प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। यह प्रदर्शन दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
संगठन का कहना है कि रायगढ़ को रेलवे टर्मिनल बनाए जाने की घोषणा को लगभग 28 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक ठोस प्रगति नहीं दिखी है। दक्षिण और उत्तर भारत के प्रमुख शहरों के लिए सीधी रेल सेवाओं की कमी के कारण यात्रियों को लगातार असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।
स्टेशन पुनर्विकास कार्य की धीमी गति को लेकर भी स्थानीय नागरिकों में नाराजगी है। यात्रियों का आरोप है कि मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है और कई ट्रेनों का ठहराव रायगढ़ स्टेशन पर नहीं हो रहा, जिससे जिले की कनेक्टिविटी प्रभावित हो रही है।
ट्रेड यूनियन काउंसिल ने बताया कि मार्च माह में रेल महाप्रबंधक के रायगढ़ आगमन के दौरान 11 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया था। इसमें प्रमुख रूप से रायगढ़ से नई सीधी रेल सेवाओं की शुरुआत, लंबित ट्रेनों का ठहराव, तथा नर्मदा एक्सप्रेस को रायगढ़ तक विस्तारित करने की मांग शामिल थी।
कुछ माह पूर्व प्रयागराज–विशाखापत्तनम साप्ताहिक ट्रेन के संचालन से स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बना था। ट्रेन के रायगढ़ से गुजरने पर नागरिकों ने स्वागत कर इसे एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा था। लेकिन बाद में बिना किसी स्पष्ट सूचना के इस सेवा के बंद हो जाने से लोगों में निराशा और आक्रोश व्याप्त है।
संगठन ने आरोप लगाया है कि कई बार मांग पत्र सौंपे जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी कारण अब सांकेतिक प्रदर्शन के माध्यम से रेलवे प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने का निर्णय लिया गया है।
ट्रेड यूनियन काउंसिल के अध्यक्ष के. शेख कलीमुल्लाह ने जिले के सभी सामाजिक, कर्मचारी, किसान संगठनों सहित आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर प्रदर्शन को समर्थन दें और रायगढ़ की रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए एकजुटता प्रदर्शित करें।
वहीं, सचिव श्याम जायसवाल ने बताया कि यह प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण और सांकेतिक होगा, जिसका उद्देश्य केवल लंबित मांगों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️