Latest News

तमनार में ‘डीजल माफिया’ पर शिकंजा: रात के अंधेरे में ट्रेलरों को बनाते थे निशाना, तीन गिरफ्तार, गिरोह के और सदस्य फरार

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 6 अगस्त। औद्योगिक क्षेत्र तमनार में खड़े ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। रात के सन्नाटे में वारदात को अंजाम देने वाले इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना तमनार पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

ट्रेलर से 100 लीटर डीजल गायब, ऐसे खुला मामला
घटना 4 अगस्त की है, जब तमनार निवासी गोपेश जायसवाल ने शिकायत दर्ज कराई कि उनका ट्रेलर जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2, सलिहाभांठा के पास खड़ा था। रात में टैंक में करीब 100 लीटर डीजल था, लेकिन सुबह टैंक का ढक्कन टूटा मिला और पूरा डीजल गायब था। इस पर थाना तमनार में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

दबिश के बाद खुला गिरोह का राज
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान के पास चोरी का डीजल रखा हुआ है। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रकों-ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की बात कबूल की।

आरोपी ने बताया कि चोरी का डीजल ग्राम मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को महज 4,000 रुपये में बेच दिया जाता था और रकम आपस में बांट ली जाती थी।

बोलेरो समेत औजार और डीजल जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल और पेचकस जब्त किया है। मामले में आरोपी कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

रात में ऐसे देते थे वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य देर रात बोलेरो में औजार लेकर निकलते थे और सुनसान स्थानों पर खड़े भारी वाहनों के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर डीजल निकाल लेते थे। यदि चालक मौजूद होता तो उसे धमकाकर भगा दिया जाता था।

अन्य आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में किशोर कुमार चौहान (37), कमलेश कुमार उरांव (23) और दुर्गाचरण पटेल (42) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्य—फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता और कमल सिदार—अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

खरीदार भी नहीं बचेंगे: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि ट्रकों और ट्रेलरों को निशाना बनाने वाले ऐसे संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि चोरी का माल खरीदने वालों पर भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना तमनार की टीम के कई पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी सराहना की गई है।

See also  पुरुंगा में जनसुनवाई का विरोध तेज: ग्राम पंचायत खर्रा के ग्रामीणों ने रास्ता किया बंद, बोले — “कोल माइंस नहीं, हमारी जमीन और जीवन चाहिए”

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button