48 घंटे में डबल चोरी का खुलासा: निगरानी बदमाश ‘शिवा गैंग’ दबोचा, महिला समेत 4 गिरफ्तार, ₹2 लाख की मशरूका बरामद

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 5 अगस्त। जिले में लगातार बढ़ते संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम कसने की दिशा में रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चक्रधरनगर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करते हुए एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश शिव सारथी उर्फ शिवा सारथी भी शामिल है, जो पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹63,700 नकद, सोने का टॉप्स, पीतल का लोटा, एक रेंजर साइकिल, चोरी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल तथा लोहे की रॉड सहित करीब ₹2 लाख की मशरूका बरामद की है। खास बात यह है कि बीते दो दिनों में ही रायगढ़ पुलिस द्वारा चोरी के पांच मामलों का खुलासा किया जा चुका है, जो पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है


पहले दिन साइकिल चोरी, रात में सूने मकान को बनाया निशाना
पहली घटना सूर्या बिहार, कौहाकुण्डा क्षेत्र की है, जहां प्रोफेसर सरोज कुमार चंद्रा के मकान के पोर्च में खड़ी बच्चे की रेंजर साइकिल चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में थाना चक्रधरनगर में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वहीं दूसरी घटना दीनदयालपुरम कॉलोनी फेस-1 की है, जहां सूने मकान का ताला तोड़कर अलमारी से ₹70 हजार नकद, सोने का टॉप्स और पीतल का लोटा पार कर दिया गया। गृहस्वामिनी सेवती पटेल पारिवारिक कारणों से बाहर गई हुई थीं और लौटने पर चोरी का खुलासा हुआ।

सीसीटीवी और मुखबिर बने सुराग, ऐसे पकड़ा गया गैंग
थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध महिला और पुरुष नजर आए, जिनकी पहचान मुखबिरों की मदद से शिवा सारथी और उसकी पत्नी पिंकी सारथी के रूप में हुई।
इसी बीच सूचना मिली कि एक युवक चोरी का सोने का टॉप्स बेचने के लिए शहर की ज्वेलरी दुकानों के चक्कर लगा रहा है। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर शिवा सारथी को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूछताछ में पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।
रेकी के बाद वारदात, पैसे बांटकर उड़ाए
पूछताछ में आरोपी शिवा ने बताया कि उसने अपने साथी कुश केरकेट्टा के साथ दिन में सूर्या बिहार से साइकिल चोरी की थी। इसके बाद रात में पत्नी पिंकी सारथी और साथी प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली के साथ मिलकर दीनदयालपुरम कॉलोनी में सूने मकान को निशाना बनाया। लोहे की रॉड से ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी किए गए। बाद में रकम आपस में बांट ली गई और कुछ हिस्सा शराब व अन्य खर्चों में उड़ा दिया गया।
आरोपियों से बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर अलग-अलग आरोपियों से नकदी और चोरी का सामान बरामद किया। शिवा सारथी से ₹25,000 और साइकिल, पिंकी सारथी से ₹8,700, सोने का टॉप्स व पीतल का लोटा, प्रभात राय से ₹30,000 तथा घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई। वहीं कुश केरकेट्टा से साइकिल चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके अलावा वारदात में उपयोग की गई लोहे की रॉड भी जब्त की गई है।
सभी आरोपी न्यायिक रिमांड पर
गिरफ्तार आरोपियों में शिव सारथी, पिंकी सारथी, प्रभात राय उर्फ सोनू बंगाली और कुश केरकेट्टा शामिल हैं। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि तकनीक, मुखबिर तंत्र और सतत निगरानी के जरिए अपराधियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनकी सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से यह सफलता संभव हो सकी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️