Latest News

रैरूमाखुर्द में 76 वर्षीय बुजुर्ग की निर्मम हत्या का खुलासा: नजूल जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

टांगी से ताबड़तोड़ वार कर ली जान, खून से सने कपड़े और हथियार जब्त; वर्षों पुराने जमीन विवाद ने ली जान


रायगढ़, 27 जुलाई 2026।
जिले के रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम धरमपुर साजापाली में बुजुर्ग की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। 76 वर्षीय बंधन राम पण्डो की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी मकरदम उर्फ मुड़ी माझी (40 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह हत्या नजूल जमीन पर कब्जे और हिस्सेदारी को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का परिणाम थी।

घटना 25 जुलाई की है। मृतक के पुत्र नोहर साय पण्डो के अनुसार, वह सुबह परिवार के साथ खेत गया हुआ था। दोपहर में घर लौटने पर उसकी बेटी ने घबराकर बताया कि गांव का ही मकरदम उर्फ मुड़ी माझी, उसके दादा पर टांगी से हमला कर चुका है। जब तक परिजन मौके पर पहुंचे, आरोपी हथियार लेकर फरार हो चुका था और बंधन राम पण्डो गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभ में पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी, लेकिन बुजुर्ग की मौत के बाद प्रकरण को हत्या में तब्दील कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में रैरूमाखुर्द चौकी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की।

चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके गांव धरमपुर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि नजूल जमीन पर कब्जे को लेकर उसका मृतक से वर्षों से विवाद चल रहा था। आरोपी का कहना है कि हर साल जमीन के हिस्से को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा था, जिससे वह आक्रोशित था और इसी गुस्से में उसने वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी, घटना के समय पहने खून से सने कपड़े और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए हैं। गवाहों के बयान और भौतिक साक्ष्यों से भी यह स्पष्ट हुआ कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर लगातार तनाव बना हुआ था।

रैरूमाखुर्द पुलिस की त्वरित कार्रवाई और वैज्ञानिक तरीके से की गई विवेचना के चलते हत्या जैसे गंभीर मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा संभव हो सका। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का स्पष्ट संदेश
जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा है कि कानून को हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से करें, हिंसा का रास्ता अपनाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button