Latest News

रायगढ़ जिला जेल में बंद विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत, इलाज के दौरान तोड़ा दम; परिजनों ने उठाए हिरासत में लापरवाही के सवाल

मृतक का भाई नरेश रात्रे

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

रायगढ़, 4 मई।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला जेल में बंद एक विचाराधीन कैदी की सोमवार को उपचार के दौरान मौत हो जाने से मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने जहां जेल प्रबंधन और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, तमनार थाना क्षेत्र के ग्राम डोलेसरा कठरापाली निवासी 38 वर्षीय सुरेश रात्रे को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर 30 अप्रैल को जिला जेल में दाखिल किया गया था। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

घटना के बाद मृतक के परिजन सीधे तौर पर जेल प्रबंधन पर सवाल उठा रहे हैं। मृतक के भाई नरेश रात्रे का कहना है कि वह आज सुबह मुलाकात के लिए जेल पहुंचे थे, लेकिन उन्हें अस्पताल भेजे जाने की सूचना दी गई। अस्पताल पहुंचने पर भाई के मौत की खबर मिली। उनका आरोप है कि सुरेश की मौत जेल के भीतर ही हो चुकी थी, जिसे छिपाने के लिए अस्पताल ले जाया गया।

परिजनों ने गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए दावा किया है कि तमनार पुलिस ने सुरेश को मामूली मात्रा में शराब के साथ पकड़ा था, लेकिन उस पर अधिक मात्रा दिखाकर प्रकरण दर्ज किया गया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इधर, जिला जेल के जेलर जी.एस. शोरी ने बताया कि बंदी को पहले 2 मई को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते अस्पताल भेजा गया था। उन्होंने कहा कि सुरेश रात्रे को शराब की लत थी और बैरक में उसका उपचार जारी था। सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे उसकी हालत गंभीर होने पर तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल, इस पूरे मामले में मौत के वास्तविक कारणों को लेकर संशय बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वहीं, परिजनों के आरोपों ने हिरासत में बंद कैदियों की सुरक्षा और चिकित्सा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button