अंधेरे में मौत का गड्ढा… रेलवे निर्माण की लापरवाही ने ले ली सरपंच की जान

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन निर्माण कार्य से जुड़ी लापरवाही ने एक जनप्रतिनिधि की जान ले ली। ढोलनारा गांव के पास बन रहे रेलवे ब्रिज के लिए खोदे गए गहरे गड्ढे में मोटरसाइकिल समेत गिरने से रेगांव के सरपंच जोगराम भगत की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद वे पूरी रात उसी गड्ढे में पड़े रहे और सुबह होने पर घटना का खुलासा हुआ।
जानकारी के अनुसार रेलवे लाइन परियोजना के तहत ढोलनारा के पास पुल निर्माण का काम चल रहा है। इसके लिए सड़क के पास गहरा गड्ढा खोदा गया था, लेकिन वहां न तो किसी प्रकार का रोड डायवर्सन बनाया गया था और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय अंधेरे में यह गड्ढा बिल्कुल दिखाई नहीं देता।
बताया जा रहा है कि देर रात रेगांव सरपंच जोगराम भगत किसी काम से मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान ढोलनारा के पास सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में उनकी बाइक समेत गिर गए। आसपास किसी को भनक नहीं लगने के कारण वे रातभर वहीं पड़े रहे। सुबह ग्रामीणों की नजर गड्ढे में पड़ी तो घटना का पता चला और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर तमनार पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को गड्ढे से बाहर निकलवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे निर्माण का काम कर रही ठेका कंपनी ने सुरक्षा मानकों की पूरी तरह अनदेखी की है। यदि समय रहते वहां बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड या रोड डायवर्सन की व्यवस्था की गई होती तो शायद यह हादसा टल सकता था।
इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की जान इस तरह जाना बेहद दुखद है और इसके लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्रामीण रेलवे ठेका कंपनी की लापरवाही को लेकर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।