घरघोड़ा में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप: पति ने लोहे के परसुल से पत्नी पर किया हमला, पुलिस ने दर्ज किया मामला

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़। जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेंदूभांठा में घरेलू विवाद के चलते हुई हिंसक घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। यहां एक व्यक्ति ने आपसी विवाद के दौरान अपनी ही पत्नी पर लोहे के परसुल से हमला कर दिया, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों द्वारा तत्काल हस्तक्षेप किए जाने से स्थिति और भयावह होने से टल गई। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम तेंदूभांठा निवासी संतोषी महंत के साथ उनके पति तुलेश्वर चौहान का किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि 12 मार्च की रात तुलेश्वर चौहान घर से बिलासपुर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान घर के समीप किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर तुलेश्वर चौहान ने पास में रखे लोहे के परसुल से पत्नी पर हमला कर दिया।
हमले में संतोषी महंत की गर्दन और हाथों में गंभीर चोटें आईं। घटना के समय घर में मौजूद अन्य परिजनों ने बीच-बचाव करते हुए किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। समय रहते हस्तक्षेप होने से बड़ी अनहोनी टल गई।
घटना की जानकारी महिला के बेटे मंगल दास महंत ने दी। इसके बाद 13 मार्च को संतोष दास महंत ने घरघोड़ा थाना पहुंचकर मामले की मौखिक शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं घायल महिला का इलाज जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
ग्रामीणों के बीच इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।