पार्षद विजय चौहान पर जानलेवा हमला, फरार आरोपी जूटमिल पुलिस के हत्थे चढ़ा

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 16 सितंबर 2026।
शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक गंभीर घटना में वार्ड क्रमांक 36 के पार्षद विजय चौहान पर लोहे के जैक रॉड से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को जूटमिल पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को उसके घर लौटने की सटीक सूचना पर दबिश देकर पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हमले में प्रयुक्त जैक रॉड भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 12 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे पार्षद विजय चौहान जूटमिल पेट्रोल पंप से बाइक में पेट्रोल भरवाकर लौट रहे थे। इसी दौरान पुराने सारंगढ़ बस स्टैंड स्थित मटन मार्केट के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट होती देख वे जनप्रतिनिधि होने के नाते बीच-बचाव के लिए रुक गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर कमल सारथी कुछ लोगों के साथ विवाद में उलझा हुआ था। पार्षद द्वारा समझाइश देने पर आरोपी भड़क उठा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे डाली।
विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया जब आरोपी ने हाथ में मौजूद लोहे के जैक रॉड से पार्षद के सिर पर वार कर दिया। हमले में पार्षद को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद घायल पार्षद को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, वहीं उनके पिता ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कमल सारथी (26) के खिलाफ अपराध क्रमांक 541/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 296 एवं 351(3) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार निगरानी रखी गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उसकी चाल ज्यादा देर नहीं चल सकी।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनव कांत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय रखते हुए आरोपी के घर लौटने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई की और दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने जीजा के साथ चल रहे विवाद के दौरान पार्षद द्वारा बीच-बचाव किए जाने से नाराज था और गुस्से में आकर उसने हमला कर दिया।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया है। इस कार्रवाई में जूटमिल थाना स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही, जिसमें एएसआई राजेन्द्र पटेल, प्रधान आरक्षक सतीश पाठक, राजेश पटेल सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे।
सख्त संदेश
इस पूरे मामले पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जनप्रतिनिधियों सहित किसी भी नागरिक के साथ हिंसा या धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️