Latest News

पत्नी की हत्या कर भागने की फिराक में था पति, 24 घंटे में दबोचा गया

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com

कापू पुलिस की त्वरित कार्रवाई, घरेलू विवाद ने ली जान; आरोपी न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़, 29 जून।
घरेलू विवाद की एक दुखद घटना में कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पारेमेर में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मृतका की पहचान 43 वर्षीय जीतो बाई मंझवार के रूप में हुई है। रविवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि पारेमेर गांव स्थित एक घर में महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही कापू थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जांच के दौरान सामने आया कि घटना के पीछे मृतका के पति रामनाथ मंझवार का हाथ है। पुलिस ने अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

झगड़े के बाद हुआ घातक हमला
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि घटना वाली रात उसका पत्नी से मामूली विवाद हुआ था। विवाद के बाद महिला आंगन में सो गई थी। आरोपी ने उसे अंदर सोने के लिए कहा, लेकिन मना करने पर झगड़ा बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की और फिर लकड़ी के डंडे से वार कर दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।

फरार होने से पहले घेराबंदी
वारदात के बाद आरोपी फरार होने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई। तत्परता दिखाते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गांव से ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के बयान के आधार पर हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा और उसके पहने हुए कपड़े भी जब्त किए गए। जब्ती की पूरी प्रक्रिया वीडियोग्राफी और ई-साक्ष्य के साथ की गई।

आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस की तत्परता सराहनीय
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी इगेश्वर यादव, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी, आरक्षक जागेश्वर मरावी और महिला आरक्षक संगीता राठिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि “क्षणिक आवेश में लिया गया हिंसक फैसला न सिर्फ एक जीवन खत्म करता है, बल्कि पूरे परिवार को तबाह कर देता है। ऐसे मामलों में संयम और संवाद ही समाधान है।”

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे घरेलू विवादों को आपसी समझ और शांति से सुलझाएं, कानून हाथ में लेने से बचें।

Now U can Download Amar khabar from google play store also.

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button