तरबूज बना संदिग्ध, धुरकोट में मासूम की मौत से हड़कंप: तीन बच्चे अस्पताल में भर्ती, प्रशासन अलर्ट मोड पर

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
जांजगीर-चांपा। जिले के ग्राम धुरकोट से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां तरबूज खाने के बाद एक मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे बीमार पड़ गए। घटना ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बच्चों ने तरबूज के साथ चिकन का भी सेवन किया था, जिसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। परिजनों ने तत्काल उन्हें जिला चिकित्सालय जांजगीर ले जाने की कोशिश की, लेकिन एक बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बाकी तीन बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। राहत की बात यह है कि फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम को सक्रिय किया। उनके निर्देश पर एसडीएम जांजगीर और मेडिकल टीम को गांव भेजा गया, ताकि प्रभावित परिवार के साथ-साथ अन्य ग्रामीणों के स्वास्थ्य की भी जांच की जा सके। साथ ही तहसीलदार को पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन एस. कुजूर के मुताबिक, बच्चों की तबीयत तरबूज और चिकन खाने के बाद बिगड़ी थी, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। संदिग्ध तरबूज के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, वहीं मृत बच्चे का पोस्टमार्टम कर विसरा सुरक्षित रखा गया है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में डेरा डालकर अन्य लोगों की जांच कर रही है, ताकि किसी और पर इसका असर न पड़े। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह खाद्य विषाक्तता (फूड प्वाइजनिंग) का मामला है या इसके पीछे कोई और कारण।
फिलहाल गांव में एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी गई है और लोगों को बाहर से खरीदे गए खाद्य पदार्थों के सेवन में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।