तमनार नगर पंचायत चुनाव और पंचायत उपचुनाव की तैयारियां शुरू
रायगढ़ में निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
रायगढ़, 5 अक्टूबर 2026/ त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय आम/उप निर्वाचन 2026 की तैयारियों के तहत रायगढ़ जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार एवं पुनरीक्षित करने की प्रक्रिया आज से शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग, रायपुर द्वारा जारी समय-सारणी के अनुसार जिले में त्रिस्तरीय पंचायत के अंतर्गत सरपंच के 3 पद और पंच के 27 पदों के लिए उप निर्वाचन तथा नवगठित नगर पंचायत तमनार में अध्यक्ष सहित 15 वार्ड पार्षद पदों के लिए आम निर्वाचन कराया जाना है।
निर्वाचन के लिए फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने की प्रक्रिया 5 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ की गई है। निर्वाचक नामावली का प्रारंभिक प्रकाशन 23 अक्टूबर को किया जाएगा। इसके बाद 23 से 30 अक्टूबर तक नामावली के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावों एवं आपत्तियों के निराकरण के बाद 30 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए जिले में आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में 5 अक्टूबर को पंजीकरण अधिकारियों, सहायक पंजीकरण अधिकारियों तथा प्राधिकृत कर्मचारियों का जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में निर्वाचक नामावली तैयार करने, पुनरीक्षण की प्रक्रिया, दावे-आपत्तियां प्राप्त करने तथा उनके निराकरण से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के माध्यम से संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सारणी के अनुरूप कार्य करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि निर्वाचन क्षेत्र के सभी पात्र मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज हों और आगामी निर्वाचन की प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️
