ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे चोरी की बाइक लेकर, पुलिस ने दो युवकों को दबोचा

एक माह पहले सब्जी विक्रेता के घर के सामने से चोरी हुई एचएफ डीलक्स बरामद, मुखबिर की सूचना पर पुलिस की कार्रवाई
रायगढ़/खरसिया। चोरी की मोटरसाइकिल को ठिकाने लगाने के लिए ग्राहक तलाश रहे दो युवकों की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब खरसिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने दोनों के कब्जे से करीब एक माह पहले चोरी हुई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मोटरसाइकिल चोरी की यह घटना 24 अक्टूबर 2026 की है। खरसिया के रायगढ़ रोड स्थित एमजी कॉलेज के सामने रहने वाले लक्ष्मी नारायण साहू (44 वर्ष) अपने घर के सामने सब्जी की दुकान लगाते हैं। उन्होंने अपनी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 UC 5424 घर के सामने खड़ी की थी। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गया। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उन्होंने चौकी खरसिया में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 553/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में चोरी गए वाहन की पतासाजी के लिए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम घघरा के दो युवक चोरी की मोटरसाइकिल को बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उन्होंने मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की गई एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 UC 5424 बरामद कर ली गई।
पुलिस ने इस मामले में जितेश कुमार उर्फ गीतेश निषाद (22 वर्ष), पिता कृष्ण कुमार निषाद तथा आदित्य चौबे (21 वर्ष), पिता रोशन चौबे, दोनों निवासी ग्राम घघरा, थाना खरसिया, जिला रायगढ़ को गिरफ्तार किया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक मनोज पटेल, आरक्षक कीर्ति सिदार, साविल चन्द्रा, गोविंद बनर्जी तथा हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की अपील: आम नागरिक अपने दोपहिया वाहनों को सुरक्षित स्थान पर लॉक करके खड़ा करें और वाहन चोरी अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️