घरघोड़ा में देशभक्ति का सैलाब, शासकीय दफ्तरों से जयस्तंभ और कारगिल चौक तक शान से लहराया तिरंगा

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

हैप्पी इंडिपेंडेंस डे 🇮🇳 http://amarkhabar.com

घरघोड़ा। आजादी की 80वीं वर्षगांठ का पर्व शनिवार को घरघोड़ा नगर में पूरे उत्साह, गरिमा और राष्ट्रभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर का माहौल देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। सरकारी कार्यालयों से लेकर प्रमुख चौक-चौराहों तक तिरंगा शान से लहराया और राष्ट्रगान की गूंज ने लोगों में राष्ट्रीय गौरव की भावना को और प्रबल कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर के विभिन्न शासकीय संस्थानों में निर्धारित कार्यक्रमों के तहत ध्वजारोहण किया गया। अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
एसडीएम कार्यालय में गूंजा राष्ट्रगान, विद्यार्थियों ने बांधा समां
राजस्व विभाग के मुखिया एसडीएम कार्यालय में एसडीएम प्रवीण तिवारी ने अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज फहराए जाने के बाद राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत की गूंज से पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया।
इसके बाद तहसील कार्यालय परिसर में तहसीलदार मनोज कुमार गुप्ता ने ध्वजारोहण किया। एसडीएम प्रवीण तिवारी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में पीएम श्री स्कूल घरघोड़ा के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीत, भाषण और नृत्य की प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों में उत्साह और उमंग भर दिया।
अपने संबोधन में एसडीएम प्रवीण तिवारी ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व को रेखांकित करते हुए देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नायब तहसीलदार सहोदर राम पैंकरा, नायब तहसीलदार हिमांशु सिंह, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय पत्रकारगण तथा पीएम श्री स्कूल घरघोड़ा के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
जनपद से लेकर स्वास्थ्य केंद्र तक तिरंगे की शान
जनपद पंचायत घरघोड़ा में मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय चौधरी की उपस्थिति में जनपद पंचायत अध्यक्ष सहनू पैंकरा ने ध्वजारोहण किया। यहां भी अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
इसी क्रम में वन परिक्षेत्र कार्यालय घरघोड़ा में उप वनमंडलाधिकारी आशुतोष मंडावा ने ध्वजारोहण किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जहाँ खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. सेत राम पैंकरा ने तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय पर्व मनाया वहीं थाना परिसर मे थाना प्रभारी कुमार गौरव ने झंडा फहराया।
जयस्तंभ चौक और कारगिल चौक पर तिरंगे के साथ दिखा राष्ट्रीय गौरव
नगर पंचायत कार्यालय के साथ-साथ नगर के प्रमुख जयस्तंभ चौक और कारगिल चौक पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रध्वज को सलामी देने के साथ उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर घरघोड़ा में सरकारी कार्यालयों की सीमाओं से निकलकर देशभक्ति का रंग पूरे नगर में दिखाई दिया। कहीं तिरंगा शान से लहरा रहा था तो कहीं राष्ट्रगान की धुन वातावरण में राष्ट्रीय चेतना का संचार कर रही थी। विद्यालयों के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों से लेकर जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों की सहभागिता तक, हर जगह आजादी के पर्व की गरिमा नजर आई।
आजादी का यह पर्व केवल उत्सव नहीं, बल्कि उन अनगिनत वीरों के बलिदान को स्मरण करने का अवसर भी रहा, जिनके संघर्ष और त्याग से देश ने स्वतंत्रता का सूरज देखा। घरघोड़ा ने भी तिरंगे को सलामी देकर यही संदेश दिया कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव सर्वोपरि है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️