आत्मानंद स्कूल की खामियों पर फूटा गुस्सा: छात्रों के समर्थन में विधायक राठिया, प्रशासन अलर्ट

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
घरघोड़ा। शासकीय आत्मानंद स्कूल में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर छात्रों का आक्रोश अब आंदोलन का रूप ले चुका है। अपनी मांगों को लेकर छात्र जहां भूख हड़ताल पर बैठे हैं, वहीं इस आंदोलन को उस समय और बल मिला जब क्षेत्रीय विधायक माननीय श्री लालजीत सिंह राठिया स्वयं मौके पर पहुंचकर छात्रों का समर्थन किया।
विधायक राठिया ने धरनास्थल पर उपस्थित छात्रों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को विस्तार से सुना। छात्रों ने विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की कमी, व्यवस्थागत खामियों और शैक्षणिक वातावरण से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए आश्वासन दिया कि उनके हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने मौके पर ही संबंधित उच्च अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि छात्रों की समस्याओं का त्वरित और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। विधायक ने स्पष्ट किया कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं है और यदि आवश्यक हुआ तो इस मुद्दे को उच्च स्तर तक उठाया जाएगा।

धरनास्थल पर स्थानीय प्रशासन की ओर से तहसीलदार घरघोड़ा श्री मनोज गुप्ता भी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने छात्रों से चर्चा कर स्थिति को समझने का प्रयास किया और समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया शुरू करने की बात कही।
इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति रही, जिन्होंने छात्रों के आंदोलन को समर्थन देते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में जरूरी पहल बताया। पूरे घटनाक्रम के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा, लेकिन छात्रों की मांगों को लेकर उनका रुख स्पष्ट और दृढ़ नजर आया।
गौरतलब है कि आत्मानंद स्कूलों को राज्य में बेहतर शिक्षा के मॉडल के रूप में प्रस्तुत किया जाता रहा है, ऐसे में इन संस्थानों में सामने आ रही समस्याएं कई सवाल खड़े करती हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन और शिक्षा विभाग इस मामले में कितनी तत्परता से कार्रवाई करते हैं और छात्रों की मांगों पर कब तक ठोस निर्णय लिया जाता है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️