नया बस्ती बरौद में शासकीय नाका क्वार्टर के पुनर्निर्माण की मांग तेज, वन विभाग एवं कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग


रायगढ़/घरघोड़ा। ग्राम बरौद पुरानी बस्ती क्षेत्र में पूर्व में संचालित वन विभाग के शासकीय नाका क्वार्टर भवन के पुनर्निर्माण की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। नया बस्ती के ग्रामीणों ने इस संबंध में वन विभाग तथा कलेक्टर रायगढ़ को आवेदन प्रस्तुत कर आवश्यक प्रशासनिक एवं विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम बरौद में स्थित वन विभाग के शासकीय नाका क्वार्टर भवन को 17 जून 2026 की रात्रि में एमईसीएल प्रबंधन द्वारा ध्वस्त कर दिया गया था। भवन ध्वस्तीकरण से संबंधित फोटो एवं अन्य साक्ष्य भी आवेदन के साथ प्रस्तुत किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त शासकीय भवन के ध्वस्तीकरण के एवज में संबंधित विभाग को नियमानुसार क्षतिपूर्ति राशि प्राप्त हुई होगी।
वर्तमान में बरौद के विस्थापित परिवार नया बस्ती में निवासरत हैं। क्षेत्र में वन विभाग की गतिविधियों, शासकीय कार्यों तथा स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक आवश्यकता को देखते हुए नया बस्ती बरौद में शासकीय नाका क्वार्टर भवन का पुनर्निर्माण कराया जाना आवश्यक बताया गया है।


ग्रामीणों ने राजस्व अभिलेख में दर्ज खसरा क्रमांक 11/1 एवं वन विभाग के अभिलेखों में दर्ज कक्ष क्रमांक 1296 (प्रोजेक्ट फॉरेस्ट) की भूमि पर नाका क्वार्टर के पुनर्निर्माण की मांग रखी है ग्रामीणों का तर्क है कि प्रस्तावित भूमि शासकीय अभिलेखों में दर्ज होने के कारण भवन निर्माण के लिए नियमानुसार आवश्यक विभागीय प्रक्रिया पूर्ण कर शीघ्र कार्यवाही की जा सकती है।
नया बस्ती संघर्ष समिति ने कलेक्टर रायगढ़ एवं वन विभाग से मामले को जनहित और विभागीय आवश्यकता के दृष्टिगत प्राथमिकता से लेते हुए नाका क्वार्टर भवन के पुनर्निर्माण हेतु आवश्यक प्रशासनिक स्वीकृति एवं विभागीय कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे वन विभाग के कार्यों के सुचारु संचालन के साथ क्षेत्र में शासकीय उपस्थिति एवं ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाएं भी बेहतर रूप से उपलब्ध हो सकेंगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️