रायगढ़ में पुलिस की त्वरित कार्रवाई: चाकूबाजी कर लूट करने वाले बदमाश चंद मिनटों में दबोचे गए

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़। शहर में देर रात हुई लूट और चाकूबाजी की वारदात को पुलिस ने अपनी तत्परता से बड़ी घटना बनने से रोक दिया। रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक प्रवासी मजदूर को निशाना बनाकर लूट की कोशिश करने वाले तीन बदमाशों में से दो को पुलिस ने महज आधे घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिहार के रोहतास जिले का निवासी एक युवक, जो मां मंगला प्लांट में कार्यरत है, अपने गांव जाने के लिए बीती रात करीब 11 बजे रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचा था। इसी दौरान पहले से घात लगाए तीन युवकों ने उसे घेर लिया और लूटपाट का प्रयास किया। आरोपियों ने युवक का मोबाइल फोन, लगभग 1500 रुपये नगद और उसका बैग छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट आई।
हमले के बाद घायल युवक किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा और गंधरी पुलिया पार कर बाजीराव पारा स्थित एक गणेश पंडाल में शरण ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जूटमिल थाना प्रभारी तत्काल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक से घटना की जानकारी ली।
पीड़ित की निशानदेही पर पुलिस ने रेलवे स्टेशन के आसपास सघन सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान दो आरोपियों को पकड़ने में सफलता मिली। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। वहीं तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में इस प्रकार की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायल युवक का उपचार कराया जा रहा है और उसकी स्थिति अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि रायगढ़ पुलिस अपराध पर त्वरित नियंत्रण के लिए पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️