साइबर सेल और घरघोड़ा थाना की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देकर शिकंजा कसा, आधा दर्जन संदिग्ध हिरासत में…

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
आईपीएल की आड़ में फिर सट्टे की सरगर्मी
रायगढ़। क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ सट्टे का साया भी एक बार फिर गहराने लगा है। कुछ समय तक खामोश पड़े सट्टेबाजों ने आईपीएल के मैचों के दौरान दोबारा सक्रिय होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की सतर्कता ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। जिले में लगातार सख्ती बरत रहे पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चल रही कार्रवाई के तहत रविवार को एक बार फिर सट्टा नेटवर्क पर बड़ी चोट की गई।
सूत्रों के मुताबिक, साइबर सेल और घरघोड़ा थाना की संयुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से दबिश देते हुए उन ठिकानों को निशाने पर लिया, जहां से क्रिकेट सट्टे का संचालन किया जा रहा था। इस कार्रवाई में करीब आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि पकड़े गए लोगों में घरघोड़ा क्षेत्र के कुछ चर्चित नाम भी शामिल हैं, जिनकी गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, पूर्व में की गई कड़ी कार्रवाई के बाद कई सटोरियों ने इस अवैध धंधे से किनारा कर लिया था, लेकिन कुछ लोग भूमिगत होकर फिर से नेटवर्क खड़ा करने में जुटे थे। आईपीएल जैसे बड़े आयोजन इनके लिए अवसर बनकर सामने आए, जहां दांव पर लगने वाली रकम और नेटवर्क दोनों तेजी से फैलते हैं। यही कारण है कि पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए लगातार इन गतिविधियों पर निगरानी बनाए रखी।
इधर, सिटी कोतवाली क्षेत्र से भी दो युवकों को हिरासत में लिए जाने की खबर सामने आई है। हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि और पूरे मामले का खुलासा पूछताछ के बाद ही किए जाने की बात कही जा रही है। माना जा रहा है कि इस कार्रवाई से सट्टा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों में भी हड़कंप मचा हुआ है।
रायगढ़ पुलिस की यह मुहिम सिर्फ कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे सामाजिक बुराई के खिलाफ अभियान के रूप में देखा जा रहा है। क्रिकेट सट्टा न केवल आर्थिक अपराध को बढ़ावा देता है, बल्कि युवाओं को भी इसकी गिरफ्त में ले आता है। ऐसे में पुलिस की यह कार्रवाई आने वाले दिनों में और तेज हो सकती है।
फिलहाल, सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पूछताछ के बाद इस नेटवर्क के कितने बड़े चेहरे बेनकाब होते हैं और सट्टे की इस जड़ को कितनी गहराई तक खोदा जा सकता है।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/