ऑपरेशन तलाश में बड़ी सफलता: चोरी के फरार आरोपी निलेश साहू गिरफ्तार, ₹3.20 लाख के सोने के सिक्के बरामद

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़। “ऑपरेशन तलाश” के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने चोरी के एक गंभीर मामले में फरार आरोपी निलेश साहू को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की है। यह मामला सुनियोजित चोरी और धोखाधड़ी का उदाहरण है, जिसमें आरोपी ने अपनी लिव-इन पार्टनर नेहा साहू और सहयोगी आशीष महंत के साथ मिलकर पीड़िता के घर से सोने-चांदी के जेवर और नगदी की चोरी की।
इस मामले में पहले ही नेहा साहू और आशीष महंत को गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि निलेश साहू फरार था। पुलिस की लगातार पतासाजी और त्वरित कार्रवाई के बाद उसे उसके आवास से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया और बताया कि उसने चोरी के कुछ जेवर बेच दिए थे, जबकि दो सोने के दस-दस ग्राम के सिक्के अपने घर में छिपाकर रखे थे। पुलिस ने उक्त दो सिक्कों, जिनकी कीमत लगभग ₹3.20 लाख है, बरामद कर जप्त कर लिया।
मामले की गंभीरता तब और बढ़ गई जब पता चला कि चोरी की वारदात के दौरान पीड़िता को चाय में नशीली दवा मिलाकर बेहोश किया गया और चोरी का माल लिव-इन पार्टनर और सहयोगी के माध्यम से खपाया गया। आरोपी और उसके साथी इस पैसे से घरेलू सामान, आलमारी और एलईडी टीवी जैसी वस्तुएं खरीद चुके थे, जिन्हें पुलिस ने जप्त किया।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि चोरी, धोखाधड़ी और विश्वासघात जैसे अपराधों में किसी भी हालत में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि आम नागरिकों के विश्वास के साथ खिलवाड़ करने वालों पर पुलिस की निगरानी कड़ी रहेगी और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
इस ऑपरेशन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक आशिक रात्रे, आरक्षक सुशील मिंज और विनोज लकड़ा ने निर्णायक भूमिका निभाई। मामले की सफलता पुलिस की सतर्कता, अनुभव और त्वरित कार्रवाई का प्रमाण है।
अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/