लैलूंगा अस्पताल में पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर सवाल: परिजनों ने कर्मचारी पर अवैध वसूली का लगाया गंभीर आरोप, जांच की मांग तेज

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
लैलूंगा (रायगढ़)। लैलूंगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गया है। यहां पोस्टमार्टम प्रक्रिया के दौरान एक मृतक के परिजनों से पैसे लेने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। परिजनों ने अस्पताल के एक कर्मचारी पर पोस्टमार्टम कराने के एवज में नकद राशि मांगने और दवाइयों एवं सामग्री की खरीद के नाम पर अतिरिक्त भुगतान करवाने का आरोप लगाया है।
मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम केर्राडहन का है, जहां निवासी घुराउराम राठिया की बुधवार रात सर्पदंश के बाद तबीयत बिगड़ गई थी। परिजन उन्हें तत्काल उपचार के लिए लैलूंगा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्रारंभिक परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार, गुरुवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के दौरान अस्पताल के एक कर्मचारी द्वारा पहले एक हजार रुपये की मांग की गई। बाद में बातचीत के बाद यह राशि घटाकर छह सौ रुपये तय की गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पोस्टमार्टम में उपयोग होने वाली सामग्री बाहर से मंगाने के नाम पर उन्हें मेडिकल स्टोर ले जाया गया, जहां लगभग 1074 रुपये का ऑनलाइन भुगतान उनसे करवाया गया।
परिजनों का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम ने उन्हें मानसिक रूप से आहत किया है, जबकि शासन की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि पोस्टमार्टम जैसी अनिवार्य सेवाएं पूरी तरह निःशुल्क प्रदान की जानी चाहिए। इसके बावजूद इस प्रकार की वसूली की शिकायत सामने आना स्वास्थ्य व्यवस्था की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय स्तर पर इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में भी चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की अनियमितता होती है, तो यह व्यवस्था की गंभीर खामी को दर्शाता है।
फिलहाल इस पूरे मामले में किसी भी जिम्मेदार अधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं परिजनों ने उच्च अधिकारियों से जांच कर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह मामला अब क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली और जवाबदेही को लेकर एक बार फिर बहस का विषय बन गया है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️