Latest News

“स्कूल जाती नाबालिग का चाकू की नोंक पर अपहरण, दो साल से पीछा कर रहा था आरोपी—रायगढ़ पुलिस की तत्परता से पॉक्सो आरोपी सलाखों के पीछे”

Freelance editor Amardeep chauhan @ amarkhabar.com

रायगढ़ | 27 जनवरी 2026
रायगढ़ जिले में नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर चिंता पैदा करने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही एक नाबालिग छात्रा का चाकू दिखाकर अपहरण कर उससे छेड़छाड़ किए जाने का मामला उजागर हुआ है। महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

इस संवेदनशील मामले ने न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि समाज में बढ़ती असुरक्षा और नाबालिगों के खिलाफ बढ़ते अपराधों की भयावह तस्वीर भी सामने रखी है।

दो साल से कर रहा था पीछा, परिवार के डर के बावजूद नहीं रुका

पीड़ित बालिका द्वारा महिला थाना में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार आरोपी शाकिब खान (उम्र 24 वर्ष), निवासी पूरी बगीचा चांदमारी, रायगढ़, वर्ष 2023 से लगातार उसे परेशान कर रहा था। रास्ता रोकना, जबरन बातचीत करना और पीछा करना उसकी दिनचर्या बन चुकी थी।
बालिका ने यह बात अपने परिजनों को भी बताई थी, जिसके बाद सुरक्षा के लिहाज से उसके पिता स्वयं उसे स्कूल छोड़ने जाने लगे। बावजूद इसके आरोपी की हरकतें नहीं रुकीं। वर्ष 2023 में भी छेड़छाड़ की घटना सामने आई थी, जिससे बालिका मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगी थी।

गणतंत्र दिवस के दिन वारदात

26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर तबीयत खराब होने के बावजूद बालिका स्कूल गई थी। रैली के बाद अस्वस्थ होने के कारण उसने शिक्षिका से अनुमति लेकर सुबह करीब 9 बजे घर लौटने के लिए स्कूल से निकली।
इसी दौरान आरोपी सफेद रंग की ईको कार से वहां पहुंचा। कार से उतरते ही उसने चाकू जैसे हथियार से डराया-धमकाया और जबरन गाड़ी में बैठाकर पहाड़ मंदिर मार्ग की ओर ले गया। वहां गलत नीयत से छेड़छाड़ की और दोपहर करीब 1 बजे स्कूल के पास की गली में छोड़कर फरार हो गया। जाते-जाते आरोपी ने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही बालिका ने अपने शिक्षक और परिजनों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद महिला थाना में अपराध क्रमांक 05/2026 दर्ज किया गया।
प्रकरण एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल सख्त निर्देश जारी किए। महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी शाकिब खान को दबोच लिया।

आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 74, 75(2), 78, 351(2) एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना में प्रयुक्त चाकू और ईको कार (सीजी 13 बी बी 1840) जब्त की गई है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों की अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर, सहायक उप निरीक्षक विल्फ्रेड मसीह, संदीप भगत एवं अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही। महिला थाना प्रभारी द्वारा पीड़िता के वीडियो बयान दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण भी कराया गया।

एसएसपी का सख्त संदेश

एसएसपी रायगढ़ श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा—
“जिला पुलिस बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सजग है। बालिकाओं से छेड़छाड़, छींटाकशी या किसी भी तरह की आपराधिक हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।”
उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसी किसी भी घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

समाज और सिस्टम के लिए चेतावनी

छत्तीसगढ़ में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ के बढ़ते मामलों ने गंभीर चिंता पैदा कर दी है। यह केवल पुलिस या कानून की समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है। कड़े कानूनों के साथ-साथ त्वरित न्याय और कठोर सजा की आवश्यकता अब टाली नहीं जा सकती।
साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म—फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम और ओटीटी प्लेटफॉर्म पर परोसी जा रही अश्लीलता पर भी सख्त नियंत्रण जरूरी है, जो कहीं न कहीं ऐसे अपराधों को बढ़ावा दे रही है।

यह मामला एक बार फिर साफ करता है कि यदि समय रहते शिकायत दर्ज हो और पुलिस तत्परता से काम करे, तो अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की गिरफ्त से बच नहीं सकता।

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button