Latest News

रायगढ़ पुलिस का ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’: 1.86 करोड़ की गांजा तस्करी का मास्टरमाइंड शुभम यादव गिरफ्तार

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़। छत्तीसगढ़ की रायगढ़ पुलिस ने नशीले पदार्थों के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर एक और बड़ा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP)  के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत पुलिस ने करीब 300 किलो गांजा तस्करी के मुख्य मास्टरमाइंड शुभम यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पिछले महीने भारी मात्रा में गांजा पकड़े जाने के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था, जिसे साइबर सेल और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबोचा।

पुलिस ने आरोपी के पास से KIA कार, मोबाइल और एटीएम कार्ड समेत कुल ₹10.17 लाख की संपत्ति जब्त की है।

1.50 करोड़ का गांजा और जून महीने की वो बड़ी कार्रवाई

गौरतलब है कि बीते 5 जून 2026 को रायगढ़ पुलिस ने “ऑपरेशन आघात” के तहत उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही 300 किलोग्राम गांजे की एक विशाल खेप पकड़ी थी।

इस कार्रवाई में ₹1.50 करोड़ मूल्य का गांजा और तस्करी में इस्तेमाल हो रही इनोवा क्रिस्टा व मारुति सुजुकी XL-6 जैसी महंगी गाड़ियों समेत कुल ₹1.86 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई थी।

मौके से तीन अंतरराज्यीय तस्करों—निखिल कश्यप, रिंकु कश्यप और धर्मेन्द्र कुमार मौर्य को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ में इन आरोपियों ने खुलासा किया था कि इस पूरे नेटवर्क का असली सिंडिकेट और मास्टरमाइंड शुभम यादव है।

फिल्मी स्टाइल में भागने की कोशिश, नाकेबंदी कर दबोचा

मुख्य आरोपी शुभम यादव की गिरफ्तारी के लिए साइबर थाना और लैलूंगा पुलिस लगातार तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से नजर रख रही थी।

8 जुलाई 2026 को पुलिस को सटीक सूचना मिली कि आरोपी एक सफेद रंग की KIA कार से रायगढ़ क्षेत्र में घूम रहा है। साइबर टीम ने जैसे ही संदिग्ध वाहन का पीछा किया, आरोपी पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में गाड़ी भगाने लगा। स्थिति को भांपते हुए तत्काल सरहदी थानों को अलर्ट कर कड़क नाकेबंदी कराई गई। आखिरकार साइबर और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने लैलूंगा मुख्य मार्ग स्थित कुंजारा के पास घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण और जब्त संपत्ति

आरोपी का नाम: शुभम यादव (उम्र 29 वर्ष)
पिता का नाम: लखनलाल यादव
निवासी: विवेकनगर कॉलोनी, थाना चचाई, जिला अनूपपुर (मध्य प्रदेश)

जब्त की गई संपत्ति (कुल मूल्य ₹10.17 लाख):

KIA कार (क्रमानक CG-10 BE-5998) – कीमत लगभग ₹10 लाख
01 मोबाइल फोन और एक घड़ी
₹3,000 नगद, तीन एटीएम कार्ड और वाहन के दस्तावेज (RC)

न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल

आरोपी शुभम यादव के खिलाफ थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 184/2026 के तहत धारा 20(बी), 29 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

कार्रवाई में शामिल जांबाज टीम

इस बड़े ऑपरेशन को सफल बनाने में एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, नगर पुलिस अधीक्षक श्री मयंक मिश्रा और डीएसपी साइबर उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विजय चेलक, लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव समेत दोनों थानों के स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का कड़ा संदेश

“एनडीपीएस (NDPS) के प्रत्येक प्रकरण में रायगढ़ पुलिस केवल गांजा जब्त करने तक सीमित नहीं है। हमारा लक्ष्य तस्करी के पूरे नेटवर्क, इसके वित्तीय लाभार्थियों और मुख्य मास्टरमाइंड तक पहुंचकर एंड-टू-एंड कार्रवाई करना है। नशे के इस काले कारोबार से जुड़े किसी भी अपराधी को कानून के शिकंजे से बचने नहीं दिया जाएगा।”

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button