आदिवासी कर्मचारी संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट तेज, निष्क्रिय जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन की मांग; महिला कर्मचारियों ने भी खोला मोर्चा

रायगढ़ में संगठन की मौजूदा कार्यप्रणाली पर उठे सवाल, 29 नवंबर की बैठक में होगा आगे की रणनीति पर मंथन; प्रांताध्यक्ष आर.एन. ध्रुव को आमंत्रित करने की तैयारी
रायगढ़। जिले में अनुसूचित जनजाति वर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों को एकजुट करने और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने की पहल ने अब जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। अनुसूचित जनजाति शासकीय सेवक विकास संघ की जिला इकाई की मौजूदा कार्यप्रणाली और निष्क्रियता को लेकर कर्मचारियों के बीच असंतोष सामने आया है। संगठन को नए सिरे से सक्रिय और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से वर्तमान जिला कार्यकारिणी के पुनर्गठन की मांग उठने लगी है। इस पहल में आदिवासी महिला कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी ने भी महत्वपूर्ण रूप ले लिया है।

रविवार, 22 नवंबर को रायगढ़ के रामभांठा स्थित सरना सामुदायिक भवन में आयोजित आदिवासी कर्मचारी-अधिकारी एकता संगोष्ठी के तहत जिला महिला विंग की बैठक में संगठन की स्थिति, कर्मचारियों की समस्याओं, महिला कर्मचारियों के अधिकारों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में शामिल कर्मचारियों ने एक स्वर में कहा कि संगठन केवल नाम या पदों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जरूरत पड़ने पर कर्मचारियों के साथ खड़े होने वाला मजबूत मंच बनना चाहिए।

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️