नया बस्ती बरौद के 160 परिवारों की मूलभूत सुविधाओं की मांग, भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिया हरसंभव सहयोग का आश्वासन

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
घरघोड़ा/रायगढ़। ग्राम बरौद की नया बस्ती में निवासरत 160 गरीब, आदिवासी एवं भूमिहीन परिवारों की वर्षों पुरानी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अरुण धार दीवान से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने बिजली, शुद्ध पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा नया बस्ती क्षेत्र को आबादी भूमि घोषित कराने की मांग रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि नया बस्ती में परिवार करीब पांच वर्षों से निवासरत हैं। क्षेत्र में घनी आबादी विकसित होने के बावजूद आज भी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीणों के अनुसार भूमि राजस्व अभिलेख में खसरा क्रमांक 11/1 तथा वन अभिलेख में कक्ष क्रमांक 1286 (प्रोजेक्ट) से संबंधित है। विकास कार्यों एवं शासकीय योजनाओं के लिए आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) नहीं मिलने के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में माननीय सांसद श्री राधेश्याम राठिया द्वारा वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को किए गए पत्राचार सहित पूर्व के विभिन्न आवेदन एवं ज्ञापनों का भी उल्लेख किया गया। ग्रामीणों ने भाजपा जिलाध्यक्ष से शासन-प्रशासन के स्तर पर पहल कर समस्या का समाधान कराने का आग्रह किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने दिया आश्वासन
ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद भाजपा जिला अध्यक्ष श्री अरुण धार दीवान एवं मंडल अध्यक्ष कुडूमकेला श्री राजेश बेहरा ने आश्वस्त किया कि नया बस्ती में निवासरत 160 परिवारों के लिए बिजली, पानी, सड़क सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यथासंभव हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों की मांग को संबंधित स्तर पर रखने और समाधान के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही।
भाजपा जिलाध्यक्ष के आश्वासन के बाद ग्रामीणों में वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने कहा कि उनका उद्देश्य अपने बच्चों के बेहतर भविष्य और सम्मानजनक जीवन के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं प्राप्त करना है। उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️