तमनार में मोबाइल टावर बैटरी चोरी का पर्दाफाश: 24 घंटे में आरोपी दबोचा, 6 बैटरियां बरामद

रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से बैटरी चोरी की वारदात को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने चोरी गई 6 नग एक्साइड कंपनी की बैटरियां भी बरामद कर ली हैं, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को प्रार्थी चन्द्रसेन कुर्रे ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी कि इंदिरानगर स्थित पेट्रोल पंप के सामने लगे मोबाइल टावर का निरीक्षण करने पर सेल्टर का ताला टूटा मिला और अंदर रखी बैटरियां गायब थीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना तमनार में अपराध क्रमांक 250/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4), 305 एवं 3(5) के तहत जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में गठित टीम ने संदेह के आधार पर बासनपाली निवासी रजनीकांत सिदार (31) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने सहयोगी हेमंत राठिया के साथ मिलकर लोहे की रॉड से टावर के कमरे का ताला तोड़कर बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर इंदिरानगर भट्ठी के सामने अमरैया के झुरमुट में छिपाकर रखी गई 6 नग एक्साइड बैटरियां, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई जा रही है, बरामद कर विधिवत जप्त कर ली हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस पूरे मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी व मैदानी जांच के समन्वय को अहम माना जा रहा है। वहीं, फरार सह-आरोपी हेमंत राठिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में इस प्रकार की वारदातों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️