तिलईपाली में ‘रन फॉर डीएवी’: गांधी-शास्त्री जयंती पर दौड़ी नई पीढ़ी, खेल-स्वास्थ्य का दिया संदेश

घरघोड़ा। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर डीएवी पब्लिक स्कूल, एनटीपीसी तलईपाली में शुक्रवार सुबह एक स्फूर्तिदायक माहौल के बीच ‘रन फॉर डीएवी’ कार्यक्रम के अंतर्गत 2 किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। सुबह 7:15 बजे एनटीपीसी के आवासीय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य नरोत्तम कुंअर ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर की। इसके पश्चात एनटीपीसी परियोजना प्रमुख अरुण कुमार सक्सेना ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को औपचारिक रूप से रवाना किया। इस अवसर पर तिलोत्तमा समिति की अध्यक्षा श्रीमती मीनाक्षी सहित एनटीपीसी के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में परियोजना प्रमुख अरुण कुमार सक्सेना ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जीवन में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी और अनुशासन है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित खेल गतिविधियों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
मैराथन के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा ट्रैक पर पेयजल और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था की गई थी, जिससे प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजन में कक्षा तीसरी से नवमी तक के छात्र-छात्राओं को तीन वर्गों में विभाजित कर प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें बच्चों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे:
कक्षा 3 से 5 के बालक वर्ग में गगन सिदार ने प्रथम, सरील बिरवा ने द्वितीय और आदित्य कुर्रे ने तृतीय स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में लामिया सिदार प्रथम, अनाया गोस्वामी द्वितीय और अनुभी शर्मा तृतीय रहीं।
कक्षा 6 से 7 के बालक वर्ग में आभास मेसी तिग्गा प्रथम, सौम्य साहू द्वितीय और थलेश पटेल तृतीय स्थान पर रहे, जबकि बालिका वर्ग में सुभी महापात्रा प्रथम, लीज़ा साव द्वितीय और डॉली यादव तृतीय स्थान पर रहीं।
कक्षा 8 से 9 के बालक वर्ग में विराट जायसवाल ने प्रथम, माधव सिदार ने द्वितीय और अर्पित शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में निधि साव प्रथम, रीत सिदार द्वितीय और श्रुति तृतीय रहीं।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षकगण और प्रबंधन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर सुश्री शताक्षी पाणिग्रही ने बच्चों को दौड़ और व्यायाम के स्वास्थ्य लाभों के साथ स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली पर प्रेरक विचार साझा किए। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा प्रतिभागियों को स्वल्पाहार और पदक वितरित किए गए।
यह आयोजन न केवल खेल भावना को प्रोत्साहित करने वाला रहा, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और राष्ट्रीय पर्वों के प्रति सम्मान की भावना भी सुदृढ़ करने में सफल साबित हुआ।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️