6 घरों को तोड़ हाथी ने मचाया उत्पात, दहशत में ग्रामीण!

अमरदीप चौहान/अमरखबर:रायगढ़। रायगढ़ जिले में बीती रात जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाते हुए 6 घरों को तोड़ते हुए कई बोरी धान को खा गया है। पिछले सप्ताह भर से दो हाथियों के आतंक से कई गाँव के ग्रामीण दहशत में रात गुजारने पर मजबूर हो गए हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक धर्मजयगढ़ वनमंडल के लैलूंगा रेंज में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से विचरण करने वाले दो हाथियों के आतंक से कई गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। क्षेत्र में विचरण कर रहे दोनों हाथी कभी किसी का घर तोड रहे तो कभी धान खरीदी केन्द्र पहुंचकर धान खा रहे हैं इसी क्रम में बीती रात एक बार फिर से एक हाथी ने जमकर उत्पात मचाते हुए होर्रोगुडा गांव में 02 ग्रामीण किसानों आनंद गुप्ता और भागीरथी गुप्ता के घर और एक मंदिर के बाहरी दिवार को तोड़ दिया है वहीं पड़ोसी गांव छातासराई में कृषन यादव और कृष्णा यादव के मकान समेत 04 किसानों के घर को तोड़ते हुए वहां रखे कई बोरी धान को खा गया है। रविवार की सुबह हाथी के उत्पात की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम गांव पहुंचकर नुकसान का आंकलन करने में जुट गई है।
गांव के ग्रामीणों ने बताया की हाथी के आतंक से आसपास के आधे दर्जन से भी अधिक गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। आलम यह है कि डर के साये में लोग रात गुजारने को मजबूर हैं। पिछले सप्ताह भर से यह दोनों हाथी बस्ती के करीब पहुंचकर लोगों के घरों को तोडकर अनाज खा रहे हैं। गांव के ग्रामीणों ने यह भी बताया कि खेत में धान कटाई हो जाने के बाद अक्सर हाथी गांव तक पहुंचते हैं।

धरमजयगढ़ वनमंडल के लैलूंगा रेंज के अंतर्गत आने वाले लिबरा गांव में स्थित धान खरीदी केन्द्र में भी बीती रात एक दंतैल हाथी पहुंचकर कई बोरी धान को खा गया। हाथी का धान खरीदी केंद्र घुसने का वीडियो वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ है।
जर्नलिस्ट अमरदीप चौहान..✍️