स्मार्ट मीटर के खिलाफ घरघोड़ा में कांग्रेस का हल्लाबोल

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
बिजली विभाग का घेराव कर जताया विरोध, सैकड़ों की मौजूदगी में स्मार्ट मीटर लौटाए

घरघोड़ा। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बढ़ते बिजली बिल, अघोषित बिजली कटौती और आम उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानियों को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी घरघोड़ा के नेतृत्व में शनिवार को जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, आम उपभोक्ता, किसान, व्यापारी एवं क्षेत्रवासी बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे और विभाग का घेराव कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद कई उपभोक्ताओं के बिजली बिलों में अप्रत्याशित वृद्धि की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। वहीं घरघोड़ा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती की समस्या को लेकर भी लोगों में नाराजगी है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर वापस किए और पुराने सामान्य बिजली मीटर लगाए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शन स्थल पर कई स्मार्ट मीटर जमा किए गए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों और बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक उपभोक्ताओं की समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

इस दौरान बिजली विभाग के अधिकारियों के समक्ष प्रमुख रूप से स्मार्ट मीटर हटाकर पूर्व में प्रचलित सामान्य मीटर लगाए जाने, बढ़े हुए बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच, वास्तविक खपत के आधार पर पारदर्शी बिल जारी करने तथा अघोषित बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाने की मांग रखी गई।
कांग्रेस द्वारा पूर्व में प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम सहायक अभियंता, CSPDCL घरघोड़ा के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा गया था, जिसमें उपभोक्ताओं की इन्हीं समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया था।
प्रदर्शन के बाद स्मार्ट मीटर वापस करने की कार्रवाई पूरी करने के उपरांत तहसीलदार एवं बिजली विभाग के JE को भी ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने, बढ़े हुए बिजली बिलों की जांच कराने तथा बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की गई।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने कहा कि बिजली आम जनता की मूलभूत जरूरत है और उपभोक्ताओं को अनावश्यक आर्थिक बोझ तथा अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान नहीं होना चाहिए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि उपभोक्ताओं की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो जनहित में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह लड़ाई किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि घरघोड़ा क्षेत्र के आम बिजली उपभोक्ताओं के हक और राहत की लड़ाई है। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर आगे भी इन मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️