तमनार पुलिस ने कॉपर वायर चोरी का भंडाफोड़, खरीददार समेत दो गिरफ्तार

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 14 अगस्त। जिले में बढ़ते संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने की दिशा में रायगढ़ पुलिस को एक और अहम सफलता हाथ लगी है। तमनार थाना क्षेत्र में मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक युवक और चोरी का माल खरीदने वाली महिला को गिरफ्तार किया है। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अगस्त 2026 को ALTIUS मोबाइल टावर कंपनी में क्लस्टर इंजीनियर के पद पर कार्यरत राहुल तिवारी ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि केलो विहार, तमनार स्थित मोबाइल टावर में तकनीकी गड़बड़ी का अलार्म मिलने पर टेक्नीशियन को मौके पर भेजा गया। जांच में पाया गया कि टावर में लगे एयरटेल और जियो कंपनियों के लगभग 50 से 60 मीटर कॉपर केबल वायर को अज्ञात चोर काटकर ले गए हैं। चोरी गए केबल की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई।
शिकायत के आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कुधरीखार निवासी शिवम सिदार को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथी धनुंजय के साथ मिलकर मोबाइल टावर से कॉपर वायर चोरी करने और चोरी का सामान स्थानीय महिला शांति प्रजा को बेचने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से 200 रुपये नकद जब्त किए गए।
इसके बाद पुलिस ने शांति प्रजा को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने चोरी का माल खरीदने की बात स्वीकार कर ली। उसके कब्जे से करीब 2 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद कर जब्त किया गया। जांच में यह स्पष्ट होने पर कि महिला ने जानबूझकर चोरी का सामान खरीदा, उसके खिलाफ भी संबंधित धाराएं जोड़ी गईं।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर शिवम सिदार और शांति प्रजा को 13 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल तीसरे आरोपी धनुंजय की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में पुलिस टीम के अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस का कहना है कि जिले में संपत्ति अपराधों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
यह घटना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि कबाड़ी और चोरी के माल की खरीद-फरोख्त पर भी निगरानी की आवश्यकता को उजागर करती है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️