Latest News

ओडिशा तक पहुंची रायगढ़ पुलिस: 60 किलो गांजा कांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की अहम कड़ी टूटी

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 09 अगस्त। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब तमनार पुलिस ने अप्रैल में पकड़े गए 60 किलो गांजा तस्करी मामले के फरार मुख्य सप्लायर को ओडिशा के बौद्ध जिले से गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहा आरोपी पुलिस की पकड़ से बचने के लिए लगातार ठिकाने और पहचान बदल रहा था, लेकिन आखिरकार तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र के सहारे पुलिस ने उसे दबोच लिया।

यह कार्रवाई “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत की गई, जिसकी मॉनिटरिंग स्वयं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि यह गिरफ्तारी केवल एक आरोपी की नहीं, बल्कि पूरे गांजा सप्लाई नेटवर्क तक पहुंच बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

दरअसल, 20 अप्रैल 2026 को तमनार पुलिस ने एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को पकड़कर उसमें सवार दो आरोपियों—सोहन लाल सिदार और विनोद प्रधान—को गिरफ्तार किया था। कार से करीब 60 किलो गांजा, दो मोबाइल फोन और अन्य सामग्री जब्त की गई थी। पूछताछ में सामने आया कि यह गांजा ओडिशा से सप्लाई किया गया था और इसके पीछे एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा है।

इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एक मोबाइल नंबर के जरिए जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और लोकेशन ट्रैकिंग के बाद पुलिस की जांच ओडिशा के बौद्ध जिले तक जा पहुंची, जहां मुख्य सप्लायर के रूप में शंकर मेहर की पहचान हुई। आरोपी पहले ही पुलिस की भनक लगते ही अपने घर से फरार हो गया था और लगातार मोबाइल नंबर बदलकर खुद को छिपाने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने रणनीति बदलते हुए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और बौद्ध जिले में कैंप लगाकर लगातार निगरानी रखी। आखिरकार सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव गुण्डीपदर लौट आया है। इसके बाद तमनार पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह हर बार अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करता था और गांजा खरीदने वालों को अलग-अलग स्थानों पर बुलाकर डील करता था। इतना ही नहीं, वह अपनी पहचान भी बदल लेता था। अप्रैल में पकड़े गए आरोपियों के सामने उसने खुद को ‘कमल मेहर’ बताया था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि इस गिरफ्तारी से गांजा तस्करी के नेटवर्क की एक महत्वपूर्ण कड़ी टूट गई है और आगे भी इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंच बनाई जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य लिंक खंगालने में जुट गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ संदेश दिया है कि रायगढ़ पुलिस अब केवल छोटे तस्करों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे सप्लाई चैन को ध्वस्त करने के लिए एंड-टू-एंड कार्रवाई करेगी। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को दें, उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

See also  ई-केवाईसी की बाधा से थमा राशन का पहिया: छत्तीसगढ़ में लाखों हितग्राही संकट में, सरकार की अंतिम चेतावनी

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button