Latest News

रायगढ़ में संदिग्ध देह व्यापार पर पुलिस का शिकंजा, दो इलाकों में एक साथ दबिश—7 लोग हिरासत में

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com

रायगढ़, 31 जुलाई। शहर में कथित देह व्यापार की बढ़ती गतिविधियों को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बीच पुलिस ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार शाम सिटी कोतवाली और जूटमिल थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिटी कोतवाली क्षेत्र के लाल टंकी इलाके में एक मकान में लंबे समय से अवैध गतिविधियों के संचालन की सूचना मिल रही थी। इसी आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां से एक महिला और दो युवतियों को संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। सभी को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।

इसी क्रम में जूटमिल थाना क्षेत्र के मिट्ठूमुड़ा इलाके में भी एक अन्य मकान पर छापेमारी की गई। यहां से एक पुरुष सहित चार महिलाओं को संदिग्ध हालात में पकड़ा गया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ शुरू कर दी है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी किसी बड़े खुलासे की पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच के आधार पर तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है और आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

शहर में तेजी से हो रहे शहरी विस्तार के साथ ऐसे अवैध धंधों के पनपने की आशंकाएं भी लगातार सामने आती रही हैं। स्थानीय स्तर के साथ बाहरी क्षेत्रों से लोगों की संलिप्तता को लेकर भी समय-समय पर शिकायतें मिलती रही हैं। पुलिस द्वारा बीच-बीच में कार्रवाई जरूर की जाती है, लेकिन ऐसे नेटवर्क अस्थायी रूप से निष्क्रिय होकर फिर सक्रिय हो जाते हैं।

सूत्रों का यह भी कहना है कि कुछ स्थानों पर अल्प समय के लिए कमरों के उपयोग की सुविधा दिए जाने की आड़ में भी गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिलती रही हैं। हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही संभव होगी।

फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है और संबंधित धाराओं के तहत आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button