‘ऑपरेशन संवेदना’ की बड़ी कामयाबी: 6 महीने से लापता नाबालिग रायपुर से बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 26 जून।
महिला एवं बाल अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस को एक अहम सफलता हाथ लगी है। करीब छह महीने से लापता 15 वर्षीय नाबालिग बालिका को पुलिस ने रायपुर से सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संचालित इस कार्रवाई में पूंजीपथरा थाना पुलिस ने लगातार प्रयास और तकनीकी व मानवीय सूचना तंत्र के समन्वय से इस जटिल मामले को सुलझाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी और डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित कर जांच को गति दी गई।
स्कूल से लौटने के बाद हुई थी लापता
घटना 15 दिसंबर 2025 की है, जब बालिका स्कूल से घर लौटने के बाद अचानक गायब हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर थाना पूंजीपथरा में मामला दर्ज किया गया। शुरुआती जांच में सामने आया कि घनश्याम उर्फ सोनू बैरागी नामक युवक बालिका को बहला-फुसलाकर मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गया था।
रायपुर में मिली अहम कड़ी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कई बार रायपुर में तलाश अभियान चलाया, लेकिन शुरुआती प्रयासों में सफलता नहीं मिली। अंततः मुखबिर तंत्र और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस को उरला-सिलतरा क्षेत्र में बालिका के होने की सूचना मिली।
इसके बाद उप निरीक्षक दिलीप बेहरा के नेतृत्व में टीम ने मजदूर बस्तियों, फैक्ट्रियों और दुकानों में पूछताछ की। एक किराना दुकानदार से मिली सूचना के आधार पर 24 जून को सरोरा (उरला) स्थित एक औद्योगिक क्षेत्र से बालिका को सकुशल बरामद किया गया।
दोनों आरोपियों पर गंभीर आरोप
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी घनश्याम बैरागी ने बालिका को बहला-फुसलाकर रायपुर ले जाकर मजदूर क्वार्टर में रखा और उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। बाद में वह बालिका को छोड़कर फरार हो गया।
इसके बाद बालिका के संपर्क में आए दूसरे आरोपी सिसेन एक्का ने भी शादी का झांसा देकर उसका शोषण किया। बालिका के बयान और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कड़ी धाराओं में कार्रवाई
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ी हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय
इस पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी रामकिंकर यादव, उप निरीक्षक दिलीप बेहरा, संध्या रानी कोका सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही, जिनकी सतत मेहनत से यह सफलता संभव हो सकी।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला और बच्चों से जुड़े अपराधों में पुलिस पूरी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.