अभियान ‘संवेदना’ का असर: घरघोड़ा में युवती से छेड़छाड़ का आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 24 जून 2026।
महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने घरघोड़ा क्षेत्र में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवती से छेड़छाड़, मारपीट और धमकी देने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महिला अपराधों के प्रति संवेदनशीलता और तत्परता के रूप में देखा जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय युवती ने 22 जून को थाना घरघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह घर में अकेली थी, तभी आरोपी रंजीत कुर्रे जबरन उसके घर में घुस आया। आरोप है कि उसने युवती के साथ अभद्रता करते हुए उसका हाथ और बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बाल पकड़कर मारपीट की। शोर सुनकर आसपास के लोगों के सतर्क होने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चोटें सामान्य प्रकृति की पाई गईं। घटनास्थल का निरीक्षण और साक्ष्य संकलन के बाद पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी रंजीत कुर्रे (27 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर 24 जून को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस कार्रवाई पर कहा कि “महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा से जुड़े मामलों में पुलिस किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी। छेड़छाड़, हिंसा या अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। ‘अभियान संवेदना’ के तहत ऐसे मामलों में तुरंत हस्तक्षेप हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
गौरतलब है कि रायगढ़ पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘अभियान संवेदना’ महिलाओं के खिलाफ अपराधों की रोकथाम और त्वरित न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.