Latest News

नाम लक्ष्मी, क्लास में ‘हाले लुइया’: प्रार्थना बदली तो कुर्सी भी गई, हेड मास्टर पर गिरी गाज!


Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com

बलौदा के स्कूल में कथित धार्मिक प्रभाव और अनियमितताओं पर हेड मास्टर निलंबित

जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा विकासखंड स्थित पीएमश्री कन्या प्राथमिक शाला इन दिनों गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में है। ग्रामीणों की शिकायत पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रधान पाठक लक्ष्मी देवी भारद्वाज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला केवल शैक्षणिक अनुशासन तक सीमित नहीं, बल्कि स्कूल परिसर में कथित रूप से धार्मिक गतिविधियों के संचालन और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों से भी जुड़ा हुआ है।

ग्रामीणों ने जनसमस्या निवारण शिविर में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि विद्यालय की प्रार्थना सभा में निर्धारित राष्ट्रीय प्रार्थना के स्थान पर अन्य धार्मिक वाक्य सिखाए जा रहे थे। साथ ही कुछ अभिभावकों ने यह भी आरोप लगाया कि बच्चों के बीच एक विशेष धार्मिक पद्धति को बढ़ावा देने की कोशिश की जा रही थी, जिससे सामाजिक समरसता प्रभावित हो सकती है।

शिकायत सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ की और संबंधित प्रधान पाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्राप्त जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर इसे कदाचार की श्रेणी में रखते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बलौदा कार्यालय निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।


मामले में एक अन्य पहलू वित्तीय अनियमितताओं का भी सामने आया है। शिकायत में फर्जी बिल-वाउचर के जरिए शासकीय राशि के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है।

इधर, स्थानीय प्रशासन ने संभावित कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस स्तर पर भी कार्रवाई शुरू की है। बलौदा थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि स्कूलों में किसी भी प्रकार की वैचारिक या धार्मिक पक्षधरता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बच्चों को केवल निर्धारित पाठ्यक्रम एवं मूल्यों के अनुरूप शिक्षा देना ही प्राथमिकता है। वहीं, ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

फिलहाल, पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासनिक स्तर पर आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी।

अन्य अधिक खबरों के लिए क्लिक करें https://amarkhabar.com/

Amar Chouhan

AmarKhabar.com एक हिन्दी न्यूज़ पोर्टल है, इस पोर्टल पर राजनैतिक, मनोरंजन, खेल-कूद, देश विदेश, एवं लोकल खबरों को प्रकाशित किया जाता है। छत्तीसगढ़ सहित आस पास की खबरों को पढ़ने के लिए हमारे न्यूज़ पोर्टल पर प्रतिदिन विजिट करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button