गवर्नमेंट जॉब स्कैम : फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर युवती से 3.38 लाख की ठगी, जशपुर से आरोपी गिरफ्तार

Freelance editor Amardeep chauhan @ http://amarkhabar.com
रायगढ़, 9 मई। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवाओं से ठगी करने का एक और मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती को कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर पद पर संविदा नियुक्ति का झांसा देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए गए। रायगढ़ पुलिस ने इस मामले में फरार आरोपी को जशपुर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कोतरा निवासी 27 वर्षीय पदिमनी यादव ने 3 अप्रैल 2026 को थाना कोतरारोड़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसकी पहचान उसकी भतीजी के माध्यम से हरीश मिश्रा से हुई थी। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए कलेक्ट्रोरेट सारंगढ़ में कम्प्यूटर ऑपरेटर के पद पर संविदा नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। भरोसे में आकर पीड़िता ने 9 फरवरी से 22 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में कुल 3 लाख 38 हजार 500 रुपये नकद और ऑनलाइन माध्यम से आरोपी को दे दिए।
रकम लेने के बाद आरोपी लगातार नियुक्ति प्रक्रिया का हवाला देकर टालमटोल करता रहा। इसी बीच उसने “कॉल मी सर्विसेस” नामक संस्था का एक कथित नियुक्ति पत्र भी पीड़िता को थमा दिया। हालांकि, जब पीड़िता ने कलेक्ट्रोरेट रायगढ़ पहुंचकर दस्तावेज की जांच कराई तो पूरा मामला फर्जी निकला और ठगी का पर्दाफाश हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 104/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस में अपराध दर्ज किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार हो गया था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने जशपुर में दबिश देकर आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी हरीश मिश्रा ने युवती से पैसे लेने की बात स्वीकार की है। उसने बताया कि अधिकांश रकम वह खर्च कर चुका है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक रियलमी मोबाइल फोन और 900 रुपये नकद बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पूर्व में श्रम विभाग रायगढ़ में भृत्य के पद पर कार्यरत रह चुका है और उसके खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं।
इस कार्रवाई में प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी, थाना प्रभारी निरीक्षक शील कुमार आदित्य सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। जशपुर पुलिस ने भी गिरफ्तारी में सहयोग दिया।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि नौकरी दिलाने या सरकारी भर्ती कराने के नाम पर पैसे मांगने वाले व्यक्तियों से सावधान रहें। किसी भी नियुक्ति से जुड़ी जानकारी केवल अधिकृत शासकीय माध्यमों से ही प्राप्त करें और धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।