बिलासपुर के खपरगंज में पथराव—आंसू गैस से काबू में आया हालात; प्रशासन अलर्ट

Journalist Amardeep Chauhan
http://amarkhabar.com
बिलासपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत खपरगंज में शुक्रवार देर रात मामूली दिखने वाला विवाद अचानक उग्र रूप ले बैठा। सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ तनाव कुछ ही देर में दो पक्षों के आमने-सामने आने, गाली-गलौज और मारपीट के बाद पथराव में बदल गया। इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन जल्द ही भीड़ जुटने लगी और माहौल गरमाता गया। देखते ही देखते पत्थर चलने लगे, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा, मगर उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इसके बाद हालात पर धीरे-धीरे काबू पाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। अधिकारियों ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को दोबारा पनपने से रोका जा सके।
पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और दोनों पक्षों से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सोशल मीडिया पोस्ट को विवाद की जड़ माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही करने की बात कही है।
प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचें। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि कानून हाथ में लेने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संपादकीय
ऐसे संवेदनशील मामलों में अक्सर देखा गया है कि वास्तविक घटना से ज्यादा उसके बाद की प्रतिक्रिया माहौल को बिगाड़ देती है। सोशल मीडिया की छोटी सी चिंगारी कई बार बड़े विवाद का रूप ले लेती है, और इसी बीच राजनीतिक बयानबाजी भी हालात को और उलझा देती है। जरूरत इस बात की है कि आम नागरिक तथ्यों की पुष्टि किए बिना किसी भी सूचना को आगे न बढ़ाएं और राजनीतिक या भावनात्मक उकसावे से दूरी बनाए रखें। शांति और संयम ही ऐसे हालात में सबसे बड़ा समाधान है।
अन्य अधिक खबरों के लिए स्क्रॉल डाउन करें 👇⬇️