पुसौर में फिर उबाल: रुंगटा प्लांट की जनसुनवाई से पहले ग्रामीणों का अल्टीमेटम, “NTPC ने बर्बाद किया, अब और नहीं सहेंगे”

Journalist Amardeep chauhan
http://amarkhabar.com
रायगढ़, 02 जून 2026।
पुसौर क्षेत्र एक बार फिर औद्योगिक परियोजनाओं को लेकर सुलग उठा है। छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल द्वारा रुंगटा समूह के प्रस्तावित प्लांट की जनसुनवाई की तारीख 2 जुलाई तय होते ही इलाके में विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। NTPC लारा परियोजना से पहले ही प्रभावित ग्रामीण अब किसी नई औद्योगिक इकाई को लेकर आशंकित और आक्रोशित नजर आ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि NTPC लारा प्लांट ने क्षेत्र की खेती और पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। खेतों में जमी फ्लाई ऐश की मोटी परत ने सैकड़ों एकड़ जमीन को बंजर बना दिया है। विस्थापन के बाद रोजगार के वादे भी अधूरे रह गए—करीब 1200 प्रभावितों में से महज 200 को ही काम मिला, वह भी अस्थायी और ठेका आधार पर। मुआवजा पाने के लिए अब भी सैकड़ों किसान दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं।
पुसौर, जिसे कभी धान का कटोरा कहा जाता था, आज प्रदूषण और बेरोजगारी के दोहरे संकट से जूझ रहा है। केलो डैम से सिंचित यह क्षेत्र अब अपनी पहचान खोने की कगार पर है। ग्रामीणों का कहना है कि “NTPC ने आधा नुकसान कर दिया, अगर अब रुंगटा का प्लांट भी आ गया तो बची-खुची खेती भी खत्म हो जाएगी।”
प्रशासन की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, मेसर्स रुंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड अपने मौजूदा फेरो अलॉय प्लांट को इंटीग्रेटेड स्टील प्लांट में विस्तार देने जा रही है। यह परियोजना ग्राम गढ़उमरिया और दर्शीमुड़ा में करीब 11.029 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित है। इसके दायरे में गढ़उमरिया, केसला, डुमरपाली, आमापाली, नवापाली, मिढ़मिढ़ा, जकेला, झलमला, बिंजकोट और औरदा सहित कई गांव आएंगे।
जनसुनवाई 2 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे, शहीद नंद कुमार पटेल विश्वविद्यालय के समीप आयोजित की जाएगी। लेकिन उससे पहले ही ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि वे इस बार बिना ठोस गारंटी के कोई समझौता नहीं करेंगे। उनका कहना है कि रोजगार, मुआवजा और पर्यावरण सुरक्षा को लेकर लिखित आश्वासन के बिना परियोजना का विरोध किया जाएगा।
पुसौर में बन रहे इस नए औद्योगिक विवाद ने प्रशासन और कंपनियों के सामने एक बार फिर विश्वास का संकट खड़ा कर दिया है। अब देखना होगा कि जनसुनवाई के दिन हालात संवाद में बदलते हैं या टकराव में।
Now U can Download Amar khabar from google play store also.